राजद सुप्रीमो ने किया ट्वीट- “उठो बिहारी करो तैयारी, जनता का शासन अबकी बारी”
पटना। बिहार में चुनाव की घोषणा होते ही राजनीतिक पार्टियों सक्रिय हो गई है। चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही चारा घोटाले में सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने ट्वीट कर लिखा-“उठो बिहारी करो तैयारी, जनता का शासन अबकी बारी”। उन्होंने आगे लिखा-बिहार में बदलाव होगा, अफसर राज खत्म होगा, अब जनता का राज होगा। लालू के ट्विटर हैंडल से हो रही ट्वीट से यह साफ हो गया है कि राजद सुप्रीमो जेल से ही पार्टी की कमान संभाल रहे हैं। लालू जेल से ही पार्टी को गाइड करेंगे। यह पहला चुनाव होगा जब लालू बिहार में मौजूद नहीं होंगे। ऐसे में पूरी जिम्मेदारी तेजस्वी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के कंधे पर होगी।
तेजस्वी ने कहा-एनडीए का होगा सफाया
नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि हम बिहार के लोगों को आश्वासन देते हैं कि उन्हें इस सरकार से मुक्ति दिलाएंगे। इस चुनाव में जदयू कहीं नहीं है। हमारी सीधी टक्कर भाजपा से है।
भाजपा 200 प्रतिशत तैयार
भाजपा ने चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत किया है। भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के साथ 200 प्रतिशत तैयार है। मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि भाजपा की बूथ स्तर पर तैयारी है। हमारी सरकार जनता के लिए समर्पित होगी। एनडीए पहले से भी ज्यादा सीट लेकर सत्ता में लौटेगी।
रालोसपा ने किया स्वागत
रालोसपा का कहना है कि कोरोना काल में संक्रमण से बचाव के साथ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो जाए। पार्टी प्रवक्ता भोला शर्मा ने चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि हम पहले भी चुनाव का विरोध नहीं कर रहे थे।


