September 15, 2026

बिहार के 150 सीटों पर जनता दल राष्ट्रवादी लड़ेगी चुनाव, यादव होंगे सीएम : रंजन यादव

पटना। जनता दल राष्ट्रवादी बिहार में होने वाले विधान सभा चुनाव में एमवाई प्लस समीकरण के साथ 150 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उक्त घोषणा पूर्व सांसद डॉ. रंजन प्रसाद ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की ओर मुख्यमंत्री के उम्मीदवार यादव जाति से होंगे और उप मुख्यमंत्री मुसलमान और दलित। रंजन यादव ने पत्रकारों से बातचीत में लालू यादव और नीतीश कुमार के शासनकाल को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि दोनों सरकारों ने दलित और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के साथ घोर अन्याय किया है। हमारी पार्टी दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ हुए अत्याचार की पूरी ईमानदारी के साथ भरपाई करेगी और उनको वाजिब हक मिलेगा। मौजूदा सरकार में जो उर्दू के साथ नाइंसाफी हो रही है, उसको खत्म करके उर्दू व हिंदी के अलावा सभी क्षेत्रिय भाषा को उसका मुकाम दिलायेंगे। सरकार किसानों की बेहतरी के लिए हर मुमकिन कदम भी उठायेगी।
उन्होंने कहा कि जंगलराज बनाम महाजंगलराज से मुक्ति पाने का समय 2020 है। ऐसे में रंजन यादव के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा। बिहार विधानसभा चुनाव में एक नया शिक्षित और नेतृत्व-विकल्प जनता को दिया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रवक्ता एआर आजाद, राष्ट्रीय महासचिव शौकत अली रिजवी एवं डॉ. नाग नारायण प्रसाद कुशवाहा, प्रदेश अध्यक्ष जुलफक्कार आफताब, महिला प्रदेश अध्यक्ष माला ठाकुर, दलित प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष अनिल राम, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ प्रदेश के सुरेद्र चौधरी आदि उपस्थित थे।

You may have missed