पटना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई : 8 पिस्टल, 16 मैगजीन के साथ बस स्टैंड से तीन गिरफ्तार

पटना। शनिवार को पटना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ की विशेष टीम व जक्कनपुर थानाध्यक्ष के साथ मिलकर संयुक्त रूप से छापेमारी कर बस स्टैंड से मुंगेर से आए एक हथियार तस्कर राजू यादव के साथ ही हथियार खरीदने आरा से पटना बस स्टैंड पहुंचे दो हथियार तस्करों को भी पुलिस ने दबोच लिया। गिरफ्तार तस्कर राजू यादव के पास दो कंधा पर टांगने वाला बैग मिला है, जिसमें आठ पिस्टल, 16 मैगजीन व तीनों के पास से एक-एक मोबाइल बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि अमूक बस से हथियार तस्कर राजू यादव पटना के बस स्टैंड आने वाला है। राजू जैसे ही बस से उतरा कि पहले से जाल बिछाए पटना एसटीएफ व जक्कनपुर इंस्पेक्टर मुकेश वर्मा ने दबोच लिया। उसके बाद पुलिस ने राजू से खरीदार को बुलाने के लिए दबाव बनाया। राजू के बुलाने पर आरा से बाइक से महेन्द्र सिंह एवं अजीत कुमार पहुंचा। उक्त दोनों खरीदारों के पहुंचते ही पुलिस ने धर दबोचा और तीनों को गिरफ्तार कर जक्कनपुर थाने ले आई। तीनों के पास से हथियार व बैग के साथ ही तीन मोबाइल बरामद किया गया है।


पुलिसिया पूछताछ के दौरान मुंगेर का रहने वाला गिरफ्तार राजू यादव ने बताया कि वह हथियार बनाने का काम करता है। मुंगेर में हथियार लेने पर पार्टी को 10 से 15 हजार रुपये में हथियार बनाकर बेचता है। इस धंधे में उसके और भी दो साथी लगे हुए हैं। राजू का काम है कि वह हथियार बनाने के बाद इसे पार्टी तक पहुंचाने का। बदले में राजू को प्रति हथियार दस हजार रुपये अतिरिक्त मिल जाता है। महेन्द्र व अजीत से प्रति हथियार 35 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था। पैसा पहले ही आॅनलाइन ले लिया गया था। पिछले 20 दिनों के अंदर वह तीन बार मुंगेर से दस-दस पिस्टल का खेप लाकर अजीत व महेन्द्र को दे चुका है। इस बार तीनों पकड़े गए। पहले के तीनों बार के पिस्टल को इनलोगों ने आरा व बक्सर के पार्टी के हाथों बेच दिया है। पुलिस इन गिरफ्तार तस्करों से पहले वाले खेप के हथियार खरीदारों के नाम की जानकारी लेने में जुट गई है।

You may have missed