बिहार : एसपी के निर्देश पर थानों में गुंडा परेड का आयोजन, 400 से अधिक लोगों ने लगाई हाजिरी
मुंगेर। मुंगेर एसपी लिपि सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थानों में गुंडा परेड का आयोजन किया गया. आगामी त्योहारों और बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए थानों में गुंडा परेड का आयोजन किया गया। गुंडा परेड में उपस्थित लोगों को क्षेत्र में विधि व्यवस्था बरकरार रखने तथा हुड़दंग से दूर रहने की चेतावनी दी गई। शराब, जुआ, मारपीट, दंगा जैसे मामलों में जेल गए अभियुक्तों को थाने पर आयोजित होने वाले गुंडा परेड में शामिल होने के लिए बुलाया गया था। एसपी ने बताया कि असामाजिक तत्वों को कानून का पालन करने के लिए प्रेरित करना किया गया तथा ऐसे लोगों को कड़ी चेतावनी दी गई। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की समीक्षा की जा रही है तथा सबों पर पुलिस की नजर है।


उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को दागियों, असामाजिक तत्वों, अपराधियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का भी निर्देश दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कासिम बाजार और मुफस्सिल थानों में परेड का निरीक्षण किया तथा असामाजिक तत्वों को मुख्यधारा में रहने और विधि व्यवस्था बिगाड़ने से बाज आने की चेतावनी दी। इस दौरान कोतवाली थाना में 8, वासुदेवपुर में 27, पूरब सराय में 6, कासिम बाजार में 49, मुफस्सिल में 33, नया रामनगर में 24, सफिया सराय में 64, बरियारपुर में 25, जमालपुर में 40, धरहरा में 12, हेमजापुर में 10, खड़गपुर में 20, शामपुर में 13, गंगटा में 15, तारापुर में 8, असरगंज में 10, संग्रामपुर में 15, टेटिया बंबर में 7 लोग गुंडा परेड में शामिल हुए।

