BIHAR : बेगूसराय में अपराधियों ने लूटी 1 करोड़ की ज्वेलरी, गोलीबारी में बाल-बाल बचा दुकानदार, दहशत

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय में अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सुरक्षा व्यवस्था के दावे की पोल खोल दी है। शुक्रवार को अपराधियों ने थाना से 500 मीटर दूरी पर स्थित तेघड़ा बाजार में दो बाइक पर सवार होकर आए छह बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर हरिहर बाबू की ज्वेलरी दुकान से लगभग 1 करोड़ रुपए के गहने लूट लिए। लूटपाट के दौरान अपराधियों ने गोलीबारी भी की। गोलाबारी में सर्राफा दुकानदार बाल-बाल बच गया। इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद पुलिस समय से मौके पर नहीं पहुंच पाई। जब अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार होने में कामयाब हो गए तब पुलिस आई। पुलिस को घटनास्थल से चार खोखे मिले हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, तेघड़ा बाजार में दो बाइक पर सवार होकर छह बदमाश हथियारों से लैस होकर पहुंचे और दहशत फैलाने के लिए दो अपराधी दुकान के बाहर गोलीबारी करने लगे। जबकि चार अपराधी हरिहर बाबू की ज्वेलरी दुकान के अंदर घुसकर दुकान में मौजूद लोगों को गन प्वाइंट पर ले लिया। इसके बाद अपराधियों ने दुकान में रखे गहने समेट लिए और घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी बाइक पर सवार होकर हथियार लहराते और गोलीबारी करते हुए फरार हो गए। लगभग 1 करोड़ रुपए से अधिक के गहने लूटे जाने की बात कही जा रही है।
इस बाबत बेगूसराय के एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

You may have missed