December 11, 2025

BIHAR : गंगा के जलस्तर में बक्सर, हाथीदह, मुंगेर, भागलपुर एवं कहलगांव में हुई वृद्धि, 1,223 पंचायतें बाढ़ से प्रभावित

पटना। जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि गंडक नदी में शनिवार को 12 बजे दिन में 1,42,100 क्यूसेक जलश्राव प्रवाहित हुआ है और इसकी प्रवृति बढ़ने की है। गंगा नदी का जलस्तर गांधी घाट में आज सुबह 6 बजे 48.11 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से नीचे है। विगत 24 घंटे में गंगा नदी के जलस्तर में बक्सर, हाथीदह, मुंगेर, भागलपुर एवं कहलगांव में वृद्धि हुई है, जबकि गांधी घाट एवं दीघा में 02 सेंटीमीटर की कमी हुई है। कोसी नदी का आज 12 बजे दिन में 1,55,060 क्सूसेक जलश्राव प्रवाहित हुआ है और इसकी प्रवृत्ति घटने की है। कोसी नदी का जलस्तर बलतारा अवस्थित गेज स्थल के पास 35.70 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 33.85 मीटर से 1.85 मीटर ऊपर है। सोन नदी का 12 बजे दिन में 19,798 क्यूसेक जलश्राव प्रवाहित हुआ है और इसकी प्रवृत्ति बढ़ने की है। बागमती नदी का जलस्तर ढ़ेंग, सोनाखान, कटौंझा, बेनीबाद एवं हायाघाट गेज स्थलों पर खतरे के निशान से ऊपर है, जबकि डूब्बाधार तथा कनसार/चंदौली गेज स्थल पर जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। कमला बलान नदी का जलस्तर जयनगर वीयर एवं झंझारपुर रेल पुल के डाउनस्ट्रीम के पास खतरे के निशान से क्रमश: 0.35 मीटर एवं 0.65 मीटर ऊपर है। महानंदा नदी का जलस्तर तैयबपुर एवं ढ़ेंगराघाट गेज स्थल पर खतरे के निशान से नीचे है। अधवारा नदी का जलस्तर सोनवर्षा एवं पुपरी गेज स्थल पर खतरे के निशान से नीचे है तथा सुंदरपुर गेज स्थल पर खतरे के निशान से 0.30 मीटर ऊपर है। बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर सिकंदरपुर, समस्तीपुर रेल पुल, रोसरा रेल पुल एवं खगड़िया में खतरे के निशान से ऊपर है। बूढ़ी गंडक नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि होने के कारण तटबंधों पर अत्यधिक दवाब बना हुआ है। तटबंध के कई बिन्दुओं पर सीपेज/पाईपिंग की समस्या परिलक्षित हुई है, जिसे क्षेत्रीय अभियंताओं द्वारा युद्धस्तर पर दिवा-रात्रि बाढ़ संघर्षात्मक कार्य कराकर सुरक्षित रखा गया है। घाघरा नदी का जलस्तर दरौली एवं गंगपुर सिसवन में खतरे के निशान से 0.58 मीटर एवं 0.71 मीटर उपर है।
बिहार के 16 जिले की 1,223 पंचायतें बाढ़ से प्रभावित
आपदा प्रबंधन विभाग के अपर सचिव रामचंद्र डू ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया है कि नदियों के बढ़े जलस्तर से बिहार के 16 जिले के कुल 125 प्रखंडों की 1,223 पंचायतें प्रभावित हुयी हैं, जहां आवश्यकतानुसार राहत शिविर चलाए जा रहे हैं। दरभंगा में 01, खगड़िया में 01 और समस्तीपुर में 05 राहत शिविर चलाए जा रहे हैं। इन सभी 07 राहत शिविरों में कुल 11,849 लोग आवासित हैं। 1,342 कम्युनिटी किचेन चलाए जा रहे हैं, जिनमें प्रतिदिन 09,86,900 लोग भोजन कर रहे हैं। सभी बाढ़ प्रभावित जिलों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव का कार्य कर रही हैं और अब तक प्रभावित इलाकों से 5,08,061 लोगों को निष्क्रमित किया गया है। विज्ञप्ति के अनुसार, बाढ़ प्रभावित 5,55,084 परिवारों के बैंक खाते में कुल 333.05 करोड़ रुपए जीआर की राशि भेजी जा चुकी है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूवार्नुमान को देखते हुए सभी जिलों को अलर्ट करा दिया गया है।

You may have missed