October 14, 2026

राजनीति का नजरिया बदलकर रख दिया सीएम नीतीश ने : आरसीपी सिंह

जदयू के विधानसभावार वर्चुअल सम्मेलन का बारहवां दिन


पटना। जदयू के विधानसभावार वर्चुअल सम्मेलन के 12वें दिन राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) व राज्यसभा में दल के नेता आरसीपी सिंह के नेतृत्व में भभुआ, करगहर, नोखा, ब्रह्मपुर, कुर्था, ओबरा एवं जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में सम्मेलन का आयोजन हुआ।
इस दौरान अपने संबोधन में आरसीपी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पहले बिहार की क्षमता का सदुपयोग नहीं हुआ। उन्होंने न केवल बिहार की क्षमता का सदुपयोग किया बल्कि उसके लिए सभी आवश्यक संसाधन जुटाए, समावेशी विकास के विजन से काम किया और हमें शानदार नेतृत्व भी दिया। उन्होंने राजनीति का नजरिया बदलकर रख दिया। पहले जाति, धर्म, क्षेत्र के नाम पर समाज में तनाव पैदा करना राजनीति का पर्याय था, जबकि नीतीश कुमार ने एक नई लकीर खींची।
श्री सिंह ने कृषि के क्षेत्र में बिहार की प्रगति की चर्चा करते हुए कहा कि श्री कुमार ने बिहार को तीन-तीन कृषि रोडमैप दिए, जिसके फलस्वरूप न केवल उत्पादन में अभूतपूर्व वृद्धि हुई बल्कि आज हम देश की हर थाली में बिहार का एक व्यंजन पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना की आपदा के दौरान भी सीएम नीतीश ने बिहारवासियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए संसाधन की कोई कमी नहीं आने दी। बिहारवासियों का दायित्व बनता है कि उन्हें इतनी ताकत दें कि वे एक बार फिर बिहार का नेतृत्व करें और विकसित बिहार बनाने के अपने संकल्प को पूरा कर सकें।
वहीं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार की बदौलत बिहार के खेत-खलिहानों में शांति बहाल हुई। आज बिहार में किसी की औकात नहीं कि नरसंहार की सोचे। पहले तो विकास का कोई कार्य हो, ऐसा महौल ही नहीं था। उन्होंने कहा कि कोरोना के दौरान हमारे लाखों लोग बिहार लौटकर आए। अगर यहां पति-पत्नी का राज होता तो वापस आने की शायद ही कोई सोचता।
सम्मेलन को परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला, सांसद चन्देश्वर प्रसाद चन्द्रवंशी, विधायक अभय कुशवाहा तथा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा ने भी संबोधित किया। इन सभी सम्मेलनों का संचालन जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप ने किया। सम्मेलनों के दौरान संबंधित विधानसभाओं के क्षेत्रीय प्रभारी डॉ. रणवीर नंदन, डॉ. नवीन कुमार आर्य, सुनील कुमार एवं चंदन कुमार सिंह मौजूद रहे।
ध्यातव्य है कि जदयू के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य बशिष्ठ नारायण सिंह की टीम ने आज रघुनाथपुर, कुढ़नी, बैकुंठपुर, बलरामपुर, छातापुर एवं झाझा, ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव की टीम ने फतुहा, दानापुर, मनेर, गुरुआ, जहानाबाद एवं नवादा तथा सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की टीम ने अस्थावां, इस्लामपुर, राजगीर, सिकन्दरा, चकाई एवं प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र में वर्चुअल सम्मेलन किया।

You may have missed