December 5, 2025

BIHAR : अशोक कुमार बने पूर्व मध्य रेल के नये अपर महाप्रबंधक

हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल के नये अपर महाप्रबंधक अशोक कुमार ने पदभार ग्रहण कर लिया। इसके पूर्व श्री कुमार पूर्व मध्य रेल के निर्माण विभाग में ही मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण/दक्षिण के पद पर पदस्थाति थे। श्री कुमार 1984 बैच के भारतीय रेल इंजीनियरिंग सेवा के एक ख्याति प्राप्त अधिकारी हैं। उन्होंने सर्वप्रथम जुलाई, 1986 में उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में सहायक मंडल अभियंता/हापुड़ के रूप में अपना पदभार ग्रहण किया था। उन्हें भारतीय रेल में विभिन्न वरिष्ठ पदों पर कार्य करने का गहन अनुभव प्राप्त है। अपनी 34 साल लंबी सेवा के दौरान उन्होंने उत्तर रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवा दे चुके हैं। वर्ष 2011 से 2013 तक उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में अपर मंडल रेल प्रबंधक तथा वर्ष 2015 से 2017 तक दक्षिण मध्य रेलवे के विजयवाड़ा मंडल में मंडल रेल प्रबंधक के पद को सुशोभित कर चुके हैं। इसके साथ ही उत्तर पश्चिम रेलवे/जयपुर में मुख्य इंजीनियर, डीएलडब्ल्यू/वाराणसी में प्रमुख मुख्य इंजीनियर तथा आरडीएसओ एवं डीएफसीसीआईएल में कार्यकारी निदेशक के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं।
अशोक कुमार जनवरी, 2019 से पूर्व मध्य रेल में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण/दक्षिण के पद पर पदस्थापित थे। श्री कुमार के नेतृत्व में निर्माण विभाग द्वारा 79 किमी दोहरीकरण एवं 21 किमी लंबे इस्लामपुर-नटेसर नई रेल लाईन का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। इसके साथ ही हावड़ा-पटना मेन लाईन पर स्थित अतिमहत्वपूर्ण नये किउल ब्रिज का कार्य भी उनके कार्यकाल में पूरा किया गया।

You may have missed