बिहार : एक दिन में मिले 1742 मरीज, श्रम संसाधन मंत्री कोरोना संक्रमित, एम्स में भर्ती
पटना। बिहार में कोरोना का कहर चरम पर है। शुक्रवार को एक दिन में कोरोना के 1742 मरीज मिले हैं जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। वहीं बिहार में कोरोना मरीजों का कुल आंकड़ा 23,300 हो गए हैं, जबकि मृतकों की संख्या 200 के करीब पहुंचने वाली है। कोरोना से सबसे ज्यादा संक्रमित पटना जिला है। आज पटना जिले में 99 मरीज मिले हैं। जबकि सबसे ज्यादा 122 नए मरीज सिवान जिले में मिले हैं और उसके बाद नालंदा जिले में अधिक 105 नए मरीज मिले हैं। लखीसराय के भाजपा विधायक सह राज्य सरकार के श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। शुक्रवार की सुबह उन्हें पटना एम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार ने इसकी पुष्टि की है। चार दिनों पहले मंत्री के स्कार्ट चालक, निजी सहायक सहित चार लोग भी संक्रमित पाए गए थे। इस बात की जानकारी खुद मंत्री ने उस वक्त ट्विटर के जरिए जानकारी दी थी, साथ ही लोगों से सतर्क रहने की भी अपील की थी।
बता दें बीते बुधवार को ही मंत्री श्री सिन्हा ने एक वीडियो जारी करते हुए क्षेत्र की जनता से मार्मिक अपील करते हुए कोरोना से बचाव का संदेश दिया था। उन्होंने यह भी कहा था कि एक दिन यह बीमारी हर किसी को होना तय है। चाहे वह दो दिन बाद हो, दो माह बाद हो या फिर दो साल में। यह बीमारी 2021 तक रहेगी और वर्तमान समय में इस बीमारी को लेकर किसी के पास जवाब नहीं है। इसलिए सभी सुरक्षित रहें और अपने परिवार की अच्छे से देखभाल करें।


