September 17, 2025

धान रोपनी के विवाद में दो गुटों के बीच फायरिंग, एक घायल

फतुहा। मंगलवार सुबह थाना क्षेत्र के खुशीहालपुर गांव के समीप धान रोपनी के विवाद में दो गुटों के बीच पहले तो झड़प हो गई। इसके बाद दोनों गुटों के बीच जमकर फायरिंग की गई। फायरिंग के दौरान विरोधी गुट के गोली से एक युवक गंभीर रुप से जख्मी हो गया। आनन-फानन में जख्मी युवक को सरकारी अस्पताल लाया गया तथा प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल पीएमसीएच के लिए रेफर कर दिया गया। गोली युवक के जांघ में लगी है। जख्मी युवक की पहचान जफराबाद गांव निवासी रविन्द्र राय के 22 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रुप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची लेकिन सभी आरोपी फरार हो गए।
बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह जफराबाद गांव के कुछ लोग तथा शिवचक गांव के लोग धान रोपनी के लिए खुशीहाल पुर गांव गये थे। वहीं दोनो गांव के लोगों के बीच धान रोपनी करने को लेकर विवाद हो गई। देखते ही देखते यह विवाद झड़प के साथ-साथ फायरिंग में बदल गई। पुलिस के मुताबिक जख्मी युवक का पटना के अस्पताल में फर्द बयान कराया जाएगा।

You may have missed