February 13, 2026

पूर्व मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक अरूण कुमार शर्मा को मिली पदोन्नति

सीओएफएमओडब्लू में प्रधान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी पद पर हुए पदस्थापित
हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक अरूण कुमार शर्मा को महाप्रबंधक के समकक्ष पद पर पदोन्नति दी गई है। पदोन्नति के पश्चात इन्हें नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यशाला आधुनिकीकरण संगठन (सीओएफएमओडब्लू) में प्रधान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पद पर पदस्थापित किया गया है। श्री शर्मा ने आज अपना पदभार ग्रहण भी कर लिया। इनके स्थानांनतरण के बाद पूर्व मध्य रेल के प्रधान मुख्य इंजीनियर के.डी. रल्ह अपर महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार देखेंगे। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी ने इनकी पदोन्नति पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि श्री शर्मा का अपर महाप्रबंधक के रूप में कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा। इस क्रम में मुख्यालय हाजीपुर में पूर्व मध्य रेल अधिकारी एसोसिएशन की ओर से श्री शर्मा को भावपूर्ण विदाई दी गई।
विदित हो कि श्री शर्मा द्वारा 22 अप्रैल 2019 को पूर्व मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक का पदभार ग्रहण किया गया था। 1982 बैच के भारतीय रेल यांत्रिक इंजीनियरिंग सेवा के एक ख्याति प्राप्त अधिकारी श्री शर्मा ने यांत्रिक इंजीनियरिंग में स्नातक के साथ ही एमबीए/प्रोजेक्ट मैंनेजमेंट की भी डिग्री प्राप्त की है। इन्हें भारतीय रेल में विभिन्न वरिष्ठ पदों पर कार्य करने का गहन अनुभव है। वे पूर्व रेलवे, उत्तर रेलवे, पूर्व मध्य रेल, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवा दे चुके हैं। अरूण कुमार शर्मा रेलवे संबंधी कार्यों एवं प्रशिक्षण हेतु अमेरिका, स्वीडेन, जर्मनी, सेनेगल, श्रीलंका आदि देशों का भ्रमण कर चुके हैं।

You may have missed