February 11, 2026

खबरें फतुहा की : अवैध संबंध का विरोध किया तो भाई को मारा चाकू, अंचल पुलिस निरीक्षक ने किया निरीक्षण, दिया गया खाद्य सामग्री, बांटे गए मास्क व साबुन

पत्नी से अवैध संबंध का विरोध किया तो भाई को मारा चाकू
फतुहा। मंगलवार को थाना क्षेत्र के एक गांव में एक ऐसा मामला आया जहां पत्नी से छोटे भाई के अवैध संबंध का विरोध करने पर छोटे भाई ने बड़े भाई को चाकू मार दिया। संयोग था कि यह चाकू बड़े भाई के गाल पर लगा और वह जख्मी हो गया। पीड़ित ने छोटे भाई के विरुद्ध थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने उसका इलाज पीएचसी में कराया। घटना के बाद जब पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि बड़ा भाई अक्सर घर से बाहर रहता है। इसी बीच उसकी पत्नी का छोटे भाई से संबंध बन गया। इसी बात को लेकर दोनों भाई के बीच विवाद हो गया। उधर, पत्नी ने भी अपने पति पर पुलिस के समक्ष मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

अंचल पुलिस निरीक्षक ने नदी थाना का किया निरीक्षण
फतुहा। मंगलवार को फतुहा अंचल के पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने नदी थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हाल की आपराधिक घटनाओं से संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण किया तथा विचाराधीन कांडों में आवश्यक कार्य को जल्द ही निष्पादन करने का आदेश दिया। इसके साथ ही नदी थाना की भौगोलिक जानकारी भी प्राप्त की। मौके पर नदी थाना प्रभारी सकेंद्र कुमार, चंदेश्वर गहलोत, सुनील कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।

छत से पेशाब करने पर मना किया तो पीटा
फतुहा। मंगलवार की सुबह पीतांबरपुर गांव में छत से पेशाब किए जाने का विरोध करने पर दबंगों ने एक युवक की पिटाई कर सिर फोड़ दिया। पीड़ित युवक के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने उसका इलाज पीएचसी में कराया। बताया जाता है कि पड़ोसी के घर से किसी ने छत पर से ही पीड़ित के घर की तरफ पेशाब कर दिया था।

सफाईकर्मी व सब्जी विक्रेताओं को बांटे गए मास्क व साबुन
फतुहा। मंगलवार को फतुहा थाना व नदी थाना के सौजन्य से कम्युनिटी ट्रैफिक जवान के द्वारा सफाई कर्मियों व सब्जी विक्रेताओं के बीच साबुन व मास्क का वितरण किया गया। यह वितरण गोविंदपुर बाजार, चौराहा व थाना के सामने वितरण किया गया। इस मौके पर पंकज कुमार, राजू कुमार, गुड्डू कुमार समेत कई लोग मौजूद थे।

50 चिन्हित परिवारों को दिया गया खाद्य सामग्री


फतुहा। संत जोसेफ स्कूल के प्रिंसिपल सिस्टर प्रज्ञा, सिस्टर अमालीया,सिस्टर विमला,सिस्टर वीयानी ने 50 चिन्हित परिवारों के बीच खाद्य सामग्री चावल, चूड़ा, करुआ तेल, गुड, दाल का पैकेट विद्यालय कैंपस में बांटी। मौके पर मंटू मुखिया, समाजसेवी प्रवीण कुमार (गुड्डू जसवाल) मौजूद थे। सिस्टर प्रज्ञा ने बताई कि जरूरतमंद परिवारों को आगे भी चिन्हित कर खाद्य सामग्री बांटी जाएगी।

You may have missed