जल जीवन हरियाली के तहत आहर- पईन जीर्णोद्धार कार्य शुरु, किसानों में हर्ष
फतुहा। इन दिनों प्रखंड के रायपुर बलवा में जल जीवन हरियाली कार्यक्रम के तहत लाखों की लागत से आहर पईन जीर्णोद्धार का कार्य शुरु कर दिया गया है तथा 6 किलोमीटर लम्बा बनने वाले आहर में तेजी से काम भी जारी है। यह कार्य लघु सिंचाई विभाग के सौजन्य से कराया जा रहा है। करीब 82 लाख रुपए की लागत से आहर व पईन का जीर्णोद्धार कार्य शुरु किया गया है। कनीय अभियंता सर्वेश चौधरी के अनुसार यह कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। वहीं दूसरी तरफ इसी गांव के पास गोरी पुंदाह पंचायत के बबुलाइन आहर का भी जीर्णोद्धार कार्य शुरु कर दिया गया है। इस आहर के जीर्णोद्धार के साथ साथ करीब 72 लाख रुपए की लागत से आउटलेन का भी निर्माण कराया जाना है। कार्य शुरु होने से इस गांव के आसपास के किसानों ने हर्ष व्यक्त किया है तथा पूर्व मुखिया अनिल सिंह के नेतृत्व में लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता से आहर पईन के उपर पुलिया निर्माण कराने की भी मांग की है। विदित हो कि जीर्णोद्धार के पहले आहर की अधिकांश जमीन को दबंगो द्वारा कब्जा कर लिया गया था, जिसे विभाग के द्वारा सुलझा लिया गया है।


