पटना : पानी भरे आहर में डूबने से 35 वर्षीय युवक की मौत
मसौढी। पटना जिला के मसौढी थाना क्षेत्र के रेवां गांव स्थित पानी भरे आहर में डूबने से मंगलवार को दोपहर 35 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया। इस संबंध में मृतक सह रेवां मुसहरी निवासी अरूण मांझी के पिता विट्ठल मांझी ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कराया है। घटना के विषय में बताया जाता है कि अरूण मांझी मंगलवार को दोपहर अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित आहर के पास शौच करने गया था। शौच के बाद आहर से पानी छूने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह करीब 12 फीट गहरे पानी भरे आहर में डूब गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इधर कुछ बच्चों ने उसे डूबते देखा और इसकी सूचना उसके स्वजनों व अन्य को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे आहर से निकाला और उसे मृत पाया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया।


