September 19, 2026

बिहार : डीजीपी के सख्त चेतावनी के बावजूद पुलिसकर्मियों पर हमला, दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

मोतिहारी। बिहार के डीजीपी के सख्त चेतावनी के बाद बुधवार को एक बार फिर ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाते हुए हमला किया है, जिसमें 7 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार मोतिहारी जिले के पकड़ीदयाल के सिसहनी गांव में लॉकडाउन का पालन कराने गई पुलिस पर गांव ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने महिला पुलिसकर्मी समेत पुलिस के जवानों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस हमले में महिला समेत सात पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। जिसमें दो को गंभीर चोटें आयी है। इस मामले में 20 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पूर्वी चंपारण के एसपी नवीन चंद्र झा ने कहा कि बाइक सवार को हमारे पुलिसकर्मियों द्वारा समझाया जा रहा था। उससे कहा जा रहा था कि लॉकडाउन का उल्लंघन न करें तभी कुछ लोगों द्वारा पुलिस के जवानों पर ईंट, पत्थर और लाठी से हमला कर दिया गया। घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए पकड़ीदयाल पीएचसी ले जाया गया है। गंभीर रूप से जख्मी दो पुलिसकर्मियों को मोतिहारी रेफर किया गया है। इनके हाथ और सिर में चोट आई है। हालात को देखते हुए एएसपी और डीएसपी गांव में कैंप कर रहे हैं।
एक घायल पुलिसकर्मी ने घटना के संबंध में बताया कि हमलोग गश्त पर गए थे। सिसहनी गांव के चौक पर बिना हेलमेट और मास्क पहने बाइक चला रहे एक युवक को रोका। उसे कहा कि बिना मास्क के घर से नहीं निकलें। इससे महामारी फैलेगी। इसी दौरान बड़ी संख्या में गांव के लोग जुट गए। उसमें एक-दो दबंग था, जिसके कहने पर लोग ताबड़तोड़ ईंट-पत्थर चलाने लगे। इसी बीच एक लड़का आया और लाठी से मेरे हाथ पर मारा, जिससे मेरा हाथ टूट गया।

You may have missed