बिहार के 22 जिले हुए कोरोना के शिकार, आंकड़ा हुआ 274, जहानाबाद में भी दस्तक

पटना (संतोष कुमार)। बिहार में कोरोना संक्रमण के पल-पल बदलते आंकड़े डराने और चिंता में डालने वाली है। रविवार को अभी बिहार में 15 नए मामले पाए गए हैं। 1 जहानाबाद, 3 अरवल, 6 रोहतास, 5 गोपालगंज के हैं। वहीं आज इसके पहले गोपालगंज से चार और पूर्वी चंपारण से चार नये पॉजिटिव मरीज मिले हैं। गोपालगंज से मिले संक्रमितों में 19 और 60 साल के दो पुरुष और 50 व 60 साल की दो महिला शामिल हैं। वहीं पूर्वी चंपारण के चार पॉजिटिव में 28, 32, 50 और 54 साल के पुरुष शामिल हैं। इस तरह अब बिहार में कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा 274 पहुंच गया है। जिसमें दो व्यक्ति (मुंगेर और वैशाली) की मौत हो चुकी है। वहीं अब तक 56 लोग कोरोना से जंग जीत चुके हैं।
बता दें कि बिहार के 22 जिले कोरोना के चपेट में आ चुके हैं। इसके पहले बीते चार दिनों में ही आधे मरीज मिले हैं। अगर हम लॉक डाउन में मिले छूट के पहले और बाद के दिनों पर नजर डालें तो जब से बिहार में लॉक डाउन में जरूरी कामों में छूट दी गई, उसके बाद से बिहार में स्थिति और ज्यादा विस्फोटक हुई है। 19 अप्रैल को 10, 20 अप्रैल को 17, 21 अप्रैल को 13, 22 अप्रैल को 17, 23 अप्रैल को 27, 24 अप्रैल को 53 तथा 25 अप्रैल को कोरोना के 28 नए मामले मिले हैं। वहीं 26 अप्रैल को अब तक 24 नये मरीज मिले हैं।

65 मामलों के साथ टॉप पर मुंगेर, जहानाबाद में भी कोरोना ने दस्तक दी
कोरोना के 65 मामलों के साथ मुंगेर टॉप पर है। जमालपुर सबसे बड़े कोरोना हॉट स्पॉट के रूप में उभरा है। उसके बाद 34 मामलों के साथ नालंदा हॉट स्पॉट बन गया है। पटना में 33 मरीज मिले हैं। खाजपुरा कोरोना का बड़ा हॉट-स्पॉट बनकर सामने आया है। पटना के नए इलाकों में भी कोरोना फैल गया है। सिवान में 30, बक्सर में 25, गोपालगंज में 12 मामले मिले हैं। 14 मामलों के साथ कैमूर भी नया हॉट-स्पॉट बनता दिख रहा है। वहीं जहानाबाद में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। यहां आज एक साथ 1 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं।
9 संक्रमित मिलने के बाद गोपालगंज में 12 पॉजिटिव
गोपालगंज में कोरोना का खतरा बढ़ गया है। रविवार को जिले के अलग-अलग चार प्रखंड में चार नए कोरोना केस मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर संबंधित इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है। संबंधित गांव के तीन किलोमीटर की परिधि को सील कर लोगों की ट्रेवल हिस्ट्री की जानकारी जुटाई जा रही है। सिविल सर्जन डॉ. टीएन सिंह ने बताया कि गोपालगंज, पंचदेवरी, फुलवरिया और भोरे में चार पॉजीटिव मरीज मिले हैं। गत 23 अप्रैल को इनका सैंपल लिया गया था। बता दें पूर्व में जिला में तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले थे। जो बाद में निगेटिव हो गए। 25 दिन की लंबी अवधि बीतने के बाद जिले में कोरोना संक्रमित चार लोगों के मिलने की पुष्टि हुई है। इस तरह से गोपालगंज में संक्रमित की संख्या 12 हो गई है।