February 12, 2026

कोरोना के हॉट स्पॉट बने मुंगेर में एसपी ने किया फ्लैग मार्च, लॉक डाउन हुआ सख्त

मुंगेर। मुंगेर में कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ते देख मुंगेर पुलिस पूरी तरह से हरकत में आ गई है। शुक्रवार को यहां 15 नये मरीज सामने आने के बाद मुंगेर एसपी लिपि सिंह के नेतृत्व में लॉक डाउन को सुनिश्चित कराने के लिए फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च कासिम बाजार थाना अंतर्गत भगत सिंह चौक से शुरू हुआ तथा पूरे मुंगेर शहर का भ्रमण करते हुए जमालपुर तक गया। भगत सिंह चौक से एक नंबर ट्रैफिक, दीनदयाल चौक, मुर्गियाचक, नीलम चौक, शाह जुबेर रोड, कौड़ा मैदान, सफिया सराय होते हुए जमालपुर तक पुलिस अधिकारियों और जवानों ने फ्लैग मार्च किया।


एसपी लिपि सिंह ने बताया कि इसका उद्देश्य लोगों को लॉक डाउन का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना था। जमालपुर सदर बाजार इलाके में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। पुलिस की गाड़ियों से लगातार माइकिंग कर लोगों को घरों में रहने की अपील की गई तथा बहुत ज्यादा जरूरत होने पर ही घर से बाहर आने की सलाह दी गई। जमालपुर सदर बाजार के 5 किलोमीटर के दायरे को सील किया गया है तथा इस क्षेत्र में अति आवश्यक सेवाओं और आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर किसी प्रकार की कोई छूट नहीं है। एसपी ने बताया कि आम जनता के हित में लॉक डाउन को लागू किया गया है तथा मुंगेर पुलिस लॉक डाउन को सख्ती से लागू करा रही है। उन्होंने बताया कि आम जनता का यथासंभव सहयोग प्राप्त हो रहा है लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लॉक डाउन को और प्रभावी तरीके से अपनाने की जरूरत है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुंगेर जिला में मास्क पहनना पूरी तरह से अनिवार्य कर दिया गया है। यदि बिना मास्क के लोग सड़कों पर आएंगे तो उन पर कार्रवाई भी होगी। फ्लैग मार्च में पुलिस अधीक्षक के अलावा अपर पुलिस अधीक्षक हरिशंकर कुमार, कोतवाली, कासिम बाजार, पूरब सराय, बासुदेवपुर, ईस्ट कॉलोनी, सफिया सराय थानाध्यक्ष मौजूद थे। पुलिस अधीक्षक ने जमालपुर में प्रतिनियुक्त किए गए विशेष पुलिस नोडल पदाधिकारी सर्वजीत कुमार को सघन चौकसी बरतने का निर्देश दिया है। जमालपुर में चार प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षकों की तैनाती की गई है। इसके अलावा ट्रैफिक डीएसपी मनोज कुमार सिन्हा, कोतवाली इंस्पेक्टर नीरज कुमार को भी विशेष तौर पर वहां प्रतिनियुक्त किया गया है।

You may have missed