February 13, 2026

खबरें फुलवारी की : पृथ्वी दिवस पर आनलाईन कार्यक्रम आयोजित, माले का स्थापना दिवस, पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा दे सरकार

पृथ्वी दिवस पर बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण व सुरक्षा का दिया संदेश

फुलवारी शरीफ। संपत चक के बैरिया स्थित प्रेमालोक मिशन स्कूल में अर्थ डे के अवसर पर बच्चों ने आॅनलाइन आयोजित भाषण चित्र प्रतियोगिता में भाग लिया। निदेशक गुरु प्रेमनाथ ने बताया कि पृथ्वी दिवस पर बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण व सुरक्षा का संदेश देने वाले भाषण व चित्र प्रदर्शनी में अपनी रचनायें शेयर की, जो प्रेरणाप्रद व अनुकनीय हैं। बच्चों ने अपने आॅनलाइन संदेशो के जरिये लोगों को प्रदूषण कम करने और पर्यावरण को शुद्ध रखने की अपील भी की। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा किसिम किसिम के पेड़ पौधे लगाए गये।

कुमुदिनी ट्रस्ट द्वारा आनलाइन चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन


फुलवारी शरीफ। लॉकडाउन अभी भी पूरे देश में जारी है, लेकिन इससे कुमुदिनी शिशु विद्या मंदिर के छात्रों के उत्साह में कमी नहीं आई है, जिन्होंने अपनी धरती मां की बेहतरी के लिए आॅनलाइन मोड के माध्यम से पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन कुमुदिनी एजुकेशनल कम चैरिटेबल ट्रस्ट पटना द्वारा किया गया था। चित्रकला में कक्षा 1 से 6वीं तक के छात्रों ने हिस्सा लिया। सभी ने अपने चित्रों में बेहतर कल के लिए चित्रकारी की, वहीं कुछ ने अपने चित्रों के माध्यम से कोरोना योद्धाओं के प्रति आभार भी व्यक्त किया। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ट्रस्ट की चेयरपर्सन उषा कुमारी ने छात्रों को संबोधित किया और कहा कि हम अब अपने जीवन के कठिन दौर में हैं, लेकिन घर में रहने के प्रति हमारा धैर्य और प्रतिबद्धता निश्चित रूप से स्थिति को पार करने में हमारी मदद करेगी। धरती माता हमें बहुत कुछ देती हैं। अब यह हमारा कर्तव्य है कि हम पृथ्वी को कुछ वापस दें। कक्षा 6 से बबली कुमारी ने पहला पुरस्कार जीता जबकि कंचन ने दूसरा और हिमांशु ने तीसरा स्थान हासिल किया। अणुकुश कुमार ने मानस कुमार के साथ सांत्वना पुरस्कार जीता। स्थिति सामान्य होने पर विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे।

माले ने स्थापना दिवस पर लोगों को किया जागरूक
फुलवारी शरीफ। भाकपा माले के 51वां स्थाना दिवस पर फुलवारी शरीफ और संपत चक प्रखंड के दर्जनों गांवों में पार्टी का झंडा फहराया गया। इस दौरान शोषित, पीड़ित, गरीब, मजदूर व आम जनता की समस्याओं को उजागर करके उनका समाधान करने का संकल्प दोहराया गया। माले नेताओं ने आम लोगों को कोरोना वायरस की चपेट में आने से बचने के लिये लॉक डाउन का सख्ती से पालन करने और सोशल डिस्टेंस बनाये रखने के लिए जागरूक भी किया। प्रखंड सचिव गुरुदेव दास ने बताया कि फुलवारी में ललीन पासवान , साधु शरन प्रसाद ने सकरैचा, सलारपुर सोता चक में छोटु मांझी, पलंगा में मंटू साह, मौलाना बुद्धि चक में कामरेड शरिफा मांझी, सुईथा में बवन दास, कोइरी बिगहा में रंजन दास, माधोपुर में प्रहलाद पासवान ने पार्टी का झंडा फहराया।
वहीं संपत चक में भाकपा माले प्रखंड कमिटी के द्वारा विभिन्न ब्रांच स्तर पर भाकपा माले पार्टी स्थापना दिवस पर संकल्प व विश्व की प्रथम समाजवादी क्रांति के महान नेता और समाजवाद निर्माण के प्रथम शुरूआत करने वाले कामरेड लेनिन के जन्म पर उनके प्रति सर्वोच्च सम्मान व्यक्त करते हुए पार्टी का झंडा फहराया गया। माले नेता सत्यानन्द कुमार ने कहा कि करोना महामारी मे संपतचक प्रखंड राजधानी पटना में होने बाद भी राहत पैकेज से वंचित रह गया है, साथ ही इस राज्य के जो लोग दूसरे राज्य में हंै जिन्हे कोई राहत नहीं मिल रही है। वहीं हम सब अपने इस संकल्प को दुहराते हैं कि साम्राज्यवाद की पराजय और एक समाजवादी दुनिया के निर्माण के कॉमरेड लेनिन के सपने को पूरा करेंगे। इसी संकल्प को लेकर विभिन्न ब्रांचो में झंडातोलन किया गया।

जहानाबाद तथा बेगूसराय पीड़ित परिवार को चार-चार लाख रुपए का मुआवजा दे सरकार
फुलवारीशरीफ। जन अधिकार पार्टी लो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एजाज अहमद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से यह मांग की है कि बेगूसराय के मृतक रामजी महतो तथा जहानाबाद के काको के हीरा पासवान को सरकार द्वारा घोषित चार-चार लाख रुपए का मुआवजा पीड़ित परिवार को दिया जाए, जिससे इन परिवारों का भरण पोषण हो सके। ऐसे आपदा की स्थिति में सरकार को चाहिए कि जो भी गरीब भूखमरी या गरीबी के कारण इलाज के अभाव में मृत्यु हो जाती है तो उनके परिवार को तत्काल सहायता राशि देने की नीति स्पष्ट करनी चाहिए। वहीं युवा परिषद के प्रदेश प्रवक्ता रजनीश तिवारी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कोटा सहित अन्य राज्यों में पढने गए हुए छात्रों की वापसी सुनिश्चित करने तथा बेरोजगार नौजवानों को आर्थिक मुआवजा दिए जाने की मांग की है क्योंकि ऐसे लोग भुखमरी की स्थिति में पहुंच गए हैं।

You may have missed