पटना : ग्रामीणों की डर से 13 लोग एक ही तम्बू के नीचे हैं क्वारंटाइन

फतुहा। पटना जिला के फतुहा प्रखंड के कोलहर पंचायत के सरवाहनपुर गांव में ग्रामीणों के डर से गांव के बाहर एक खेत में तम्बू गाड़कर एक साथ तेरह लोग रहने को मजबूर हैं। तम्बू में रहने वाले लोग इसी गांव के हैं, जो दूसरे राज्यों में मजदूरी करने गये हुए थे। लॉक डाउन में ये सभी कुछ दिन पहले ही किसी तरह गांव लौटे हैं। गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने गांव में प्रवेश पर रोक लगा दी। बगल के गांव में स्थित सरकारी स्कूल में उन्हें क्वारंटाइन करने के लिए भेजा गया। लेकिन उस गांव के लोग भी कोरोना संक्रमण के भय से स्कूल में ठहरने से मना कर दिया। इसके बाद सभी सरवाहनपुर गांव में ही गांव से काफी दूर खेत में तम्बू गाड़कर रहने के लिए मजबूर हो गए। ऐसा भी नहीं है कि इस बात की जानकारी स्थानीय प्रशासन को नहीं है। लेकिन सरकार के तरफ से न तो उनके खाने-पीने की व्यवस्था की गई और न ही उनके बीच सोशल डिस्टेंस का अनुपालन कराया गया। सभी अलग-अलग राज्यों से लौटकर आए हैं और एक ही तम्बू के नीचे गर्म लू के बीच एक साथ रहते हैं। नतीजा यह है कि इस तम्बू में रहने वाले लोगों के बच्चे ही खाना लेकर तम्बू के बाहर पहुंचाते हैं और दूर से खाना रखकर अलग बैठ जाते हैं। जब लोग खाना खा लेते हैं तथा दूर से ही अपने बच्चों से बात कर घर का हालचाल ले लेते हैं तब बच्चे वापस घर लौट जाते हैं। जब इस संदर्भ में बीडीओ मृत्युंजय कुमार से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उन सभी को पटना के स्वास्थ्य विभाग की टीम के द्वारा जांच करायी जा रही है।

You may have missed