रेलवे से जुड़ी जरूरी खबरें : आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध ढुलाई जारी, सभी रेलवे अस्पताल पूरी तरह चौकस, दोहरी जिम्मेवारी निभा रहा पूर्व मध्य रेल
रेलवे कर रहा आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध ढुलाई
हाजीपुर। पूरा देश कोरोना वायरस की महामारी के कारण पूरी तरह से लॉकडाउन है। वहीं रेलवे अपनी जिम्मेवारियों के निर्वहन के प्रति दृढसंकल्प है। आमलोगों के लिए दैनिक आवश्यकता की वस्तुओं की उपलब्धता में कोई कमी ना हो, इसके लिए पूर्व मध्य रेल निर्बाध माल ढुलाई सेवाओं के जरिए आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का हरसंभव प्रयास कर रही है।
हजारों रेलकर्मियों के अथक प्रयास से 27 मार्च को पूर्व मध्य रेल में 200 से अधिक मालगाड़ियों का परिचालन किया गया। खाद्य सामग्री, कोयला, लौह अयस्क, प्याज, दवा जैसी आवश्यक वस्तुओं के कुल 12 रैक अनलोड किए गए। जबकि खाद्यान्न सामग्री और कोयला की आपूर्ति हेतु 87 रैक लोडिंग किए गए। इस दौरान पूर्व मध्य रेल के विभिन्न टर्मिनलों पर कोयला के 11 रैक तथा खाद्यान्न सामग्री के 01 रैक की अनलोडिंग हुई। जबकि विद्युत ताप घरों में कोयला आपूर्ति हेतु 80 रैक एवं खाद्यान्न सामग्री के 07 रैक की लोडिंग की गई। इसी क्रम में 28 मार्च को दानापुर मंडल के विभिन्न टर्मिनल पर सीमेंट, गेहूं, उर्वरक, खाद्यान्न एवं विविध सामग्रियों से लदे कुछ रैक पहुंच चुके हैं तथा कुछ और रैक देर रात पहुंचेंगे।

दोहरी जिम्मेवारियों का निर्वहन कर रहा है पूर्व मध्य रेल: जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरित

हाजीपुर। कोरोना वायरस जैसी वैश्विक महामारी के कारण आम लोगों के व्यापक स्वास्थ्यहित को देखते हुए पूरे देश में लॉकडाउन की वजह से बंद पड़े स्टेशनों एवं कोचिंग डिब्बों की सुरक्षा पूर्व मध्य रेल के रेलवे सुरक्षा बल के जवानों द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग रखते हुए मुस्तैदी से की जा रही है। इसके साथ ही लॉक डाउन की वजह से स्टेशनों के आसपास फंसे रहने वाले जरूरतमंदों के बीच रेलवे सुरक्षा बल के जवानों द्वारा भोजन भी वितरित की जा रही है। इसी क्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के गया जंक्शन के आसपास फंसे मजदूरों के बीच रेलवे सुरक्षा बल गया पोस्ट के जवानों द्वारा भोजन वितरित किया गया। सोनपुर मंडल के मुजफ्फरपुर एवं बेगूसराय पोस्ट के रेलवे सुरक्षा बलों द्वारा भी स्टेशन के आसपास के जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन के पैकेट वितरित किए गए। इसके साथ ही रेलवे सुरक्षा बल के जवानों द्वारा इन लोगों को कोरोना वायरस से बचाव हेतु सोशल डिस्टेंसिंग, हाथ की सफाई आदि के बारे में भी जागरूक किया गया।
पूर्व मध्य रेल के सभी रेलवे अस्पताल हैं पूरी तरह चौकस
हाजीपुर। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्व मध्य रेल के सभी रेलवे चिकित्सालय में आवश्यक चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही आइसोलेशन/क्वारंटाइन हेतु पर्याप्त बेड की उपलब्ध कराए गए हैं। अभी तक पूर्व मध्य रेल मुख्यालय एवं सभी मंडलों में स्थित रेलवे चिकित्सालयों में 98 आइसोलेशन बेड एवं लगभग 400 से अधिक क्वारंटाइन बेड की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है तथा जल्द ही कुछ और क्वारांटाइन बेड उपलब्ध हो जाएंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 100 से अधिक अनुभवी चिकित्सक तथा नर्स एवं 250 से अधिक पारा मेडिकल स्टाफ चौबीसों घंटे तैनात हैं । इसी क्रम में कोरोना वायरस के मरीजों को चिकित्सीय सुविधा प्रदान करने हेतु रेलवे चिकित्सालयों में कार्यरत 347 मेडिकल स्टाफ को विशेष रूप स ेप्रशिक्षित किया गया है। चिकित्सकों द्वारा अब तक 56745 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है ।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल में 10, धनबाद मंडल में 18, दानापुर मंडल में 21, सोनपुर मंडल में 16, समस्तीपुर मंडल में 23 तथा मुख्यालय में 10 आइसोलेशन बेड का प्रावधान किया गया है। इसी तरह पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल में 60, धनबाद मंडल में 196, दानापुर मंडल में 316, सोनपुर मंडल में 13, समस्तीपुर मंडल में 62 क्वारांटाइन बेड बनाए गए हैं।

