कोरोना इंपैक्ट-जारी रहेगी होम डिलीवरी तथा टेक होम सर्विसेज 31 मार्च तक बंद रहेंगे सभी रेस्टोरेंट तथा ढाबा
पटना।कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए बिहार सरकार ने बड़ा फैसला लिया है।राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बिहार के सभी जिलों में होटल और रेस्तरां एवं ढाबा के संचालन पर रोक लगा दिया है। हालांकि बिहार सरकार के इस नए आदेश के अनुसार होम डिलीवरी तथा टेक होम सर्विसेज जारी रहेगी।बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 31 मार्च तक प्रदेश के सभी रेस्टोरेंट बंद रहेंगे।किसी भी रेस्टोरेंट अथवा ढाबा में ग्राहकों को खाना नहीं परोसा जाएगा।हालांकि इस दौरान रेस्टोरेंट्स होटल होम डिलीवरी की अपनी सेवा जारी रख सकते हैं।सरकार के द्वारा जारी इस नए आदेश के मुताबिक प्रदेशभर के मैरिज हॉल तथा बैंकेट हॉल को भी 31 मार्च तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव के द्वारा विभिन्न जिला के जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर दिशा निर्देश की जानकारी दी गई है।राज्य में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव तथा मिलते संदिग्ध मरीजों की संख्या को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है।हालांकि इसके पूर्व भी सरकार ने रेस्टोरेंट संचालकों को मुख्य द्वार पर सैनिटाइजर का प्रबंध करने संबंधित गाइडलाइन जारी किए थे।मगर दिनोंदिन बढ़ती भयावहता एवं संक्रमण के खतरे को देखते हुए सरकार ने इन हाउस सर्विस बंद करवाने का फैसला लिया है।


