गोपालगंज: अनुमंडल पदाधिकारी के उपस्थिति में कोरोना से बचाव हेतु अनुमंडलीय स्तरीय जागरूकता बैठक संपन्न
गोपालगंज। जिले के हथुआ अनुमंडल में कोरोना महामारी से बचाव के लिए अनुमंडल स्तरीय जागरूकता बैठक अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार रमन की अध्यक्षता में मंगलवार को अनुमंडलीय सभागार में आयोजित हुई। जागरूकता बैठक को संबोधित करते हुए हथुआ प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ बीएन चौधरी ने कहा कि इसमें आम जनता को घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि अब तक बिहार में एक भी कोरोना प्रभावित मरीज नहीं मिले हैं। सिर्फ इसके लिए जागरूकता एवं स्वच्छता तथा सतर्कता की आवश्यकता है। बैठक के दौरान अनुमंडल दंडाधिकारी अनिल कुमार रमन ने कहा कि शादी विवाह एवं धार्मिक अनुष्ठानों पर कतई प्रतिबंध नहीं लगाई गई है बल्कि यह कहा गया है कि कम से कम भीड़ एक जगह इकट्ठा हो। प्रदूषित खाद्य पदार्थ बेचने वालों को नहीं बख्शा जाएगा। बैठक में आये मीरगंज लायंस क्लब के सदस्य एवं धार्मिक न्यास के सदस्यों ने चौक चौराहों पर हाथ धुलवाने के लिए हैंड वॉश तथा पानी उपलब्ध कराने का वादा किया। बैठक में हथुआ थानाध्यक्ष अशोक कुमार, मीरगंज थानाध्यक्ष शशि रंजन, हथुआ अंचल पदाधिकारी विपिन कुमार सिंह तथा हथुआ उप प्रमुख विजय सिंह समेत सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे।


