गोपालगंज : पक्की सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
गोपालगंज। भोरे थाना क्षेत्र के डोमनपुर पंचायत के मोतीपुर निजामत गांव के लोग पक्की रोड की मांग को लेकर सड़क पर उतरे। पक्की सड़क नहीं रहने से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी भी की, बाद में स्थानीय बुद्धिजीवियों के समझाने-बुझाने पर आक्रोशित ग्रामीण शांत हुए। स्थानीय लोगों ने बताया कि आजादी के 71 वर्ष बाद भी गांव के सड़क का पक्कीकरण नहीं किया जा सका है। इसके लिए कई बार जनप्रतिनिधि से भी शिकायत किया गया, लेकिन इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने बताया कि लोकसभा उपचुनाव के समय स्थानीय लोगों ने मताधिकार का बहिष्कार करने का निर्णय लिया था। लेकिन जनप्रतिनिधियों द्वारा चुनाव के बाद सड़क बनाने के आश्वासन के बाद लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया था। लगभग 25 वर्ष पहले गांव के सड़क का ईंटकरण किया गया था, जो अब काफी जर्जर हो चुका है और अभी भी गांव के आसपास की कई सड़कें मिट्टी के ही है, जिससे ग्रामीणों को बारिस के समय आने जाने में बहुत सी मुश्किलों का सामना करना पडता है। पिछले कई वर्षो से ग्रामीण स्थानीय जनप्रतिनिधियों से पक्की सड़क की मांग करते रहे हैं। इसके बावजूद भी अभी तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।


