खुलासा: जमीनी विवाद में की गई थी रिटायर्ड पोस्टमास्टर की हत्या, दो गिरफ्तार
पटना। पटना पुलिस ने बीते दिनों राजधानी के पॉश इलाके श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के विवेकानंद मार्ग में की गई रिटायर्ड पोस्टमास्टर सकलदेव राय की गोली मारकर हत्या करने के मामले का खुलासा कर दिया है। उक्त हत्याकांड को अपराधियों ने जमीन विवाद को लेकर अंजाम दिया था। पुलिस ने उक्त मामले में मुख्य आरोपी समेत दो अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता पा ली है।
पटना के प्रभारी सिटी एसपी डी अमरकेश ने प्रेस वार्ता कर बताया कि पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जहां पुलिस ने रिटायर्ड पोस्टमास्टर हत्याकांड में मुख्य आरोपी सूरज राय समेत एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस ने आरोपियों के पास से दो जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। बता दें कि पिछले दिनों राजधानी के पॉश इलाकों में शुमार एसके पुरी थाना क्षेत्र में रिटायर्ड पोस्टमास्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी और इस दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी शराब बेचने के आरोप में पहले भी वह जेल जा चुका है। पुलिस ने बताया कि रिटायर्ड पोस्टमास्टर और हत्या का आरोपी सूरज राय के बीच में 20 सालों से जमीनी विवाद चला आ रहा है और उसी जमीनी विवाद को लेकर रिटायर्ड पोस्टमास्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।


