बिहार में दबंगों के हैवानियत की यह घटना आपको कर देगी शर्मसार
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में दंबगों ने एक ऐसी को अंजाम दिया है, जिसे जानकर आप शर्मसार हो जाएंगे। जिले के कुढनी थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिया चौक से बाइक सवार दो युवकों को अगवा कर दबंगों ने पहले जमकर पीटा, फिर उन्हें जबरन मूत्र पीने को मजबूर किया। दोनों का इलाज मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में चल रहा है। इस मामले में नौ अपराधियों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। वहीं पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए छापामारी कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिटाई से जख्मी दोनों युवक कुढनी थाना क्षेत्र के जगदीश कमतौल निवासी अभय कुमार एवं रंजन कुमार बताए जा रहे हैं। पुलिस को दिए अपने बयान में दोनों घायलों ने बताया है कि वे बाइक से बलिया जा रहे थे तभी रास्ते में बोलेरो सवार लोगों ने उन्हें अगवा कर लिया। फिर उन्हें पीटते हुए कमतौल मध्य विद्यालय के समीप आम के बगीचे में ले गए। वहां दोनों को बांध कर जमकर पिटाई की गई। यही नहीं उन्होंने फिर जबरन मूत्र (पेशाब) पिलाई। घटना के दौरान शोर सुन ग्रामीण जुटने लगे तो बोलेरो सवार अपराधी वहां से भाग निकले।
इस मामले में घायल युवकों ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कराते हुए राकेश कुमार, साकेत कुमार, सचिन कुमार, अमलेश कुमार, रत्नेश कुमार सिंह, दिनेश कुमार, बिराजन सिंह, सुभाष कुमार, चंदन कुमार समेत अन्य को आरोपित किया है। सभी आरोपित कुढ़नी थाना के जगदीश कमतौल एवं अनंत कमतौल के निवासी हैं। वहीं घटना को लेकर स्थानीय लोग इसे अपराधियों के बढ़ते मनोबल के रूप में देख रहे हैं। लोगों में पुलिस के प्रति गुस्सा भी है। उधर, कुढनी थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया कि घायल युवकों के आरोप गंभीर हैं। उनके बयान पर अहियापुर थाने में एफआइआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी में जुट गई है।


