सफलता : बिहार में जाली नोटों की बड़ी खेप जब्त, चार धंधेबाज गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण। बिहार के पूर्वी चंपारण जिला के आदापुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एसएसबी और पुलिस को संयुक्त रूप से बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिल्ली से बिहार लायी गयी 2.13 लाख की जाली इंडियन करेंसी (भारतीय रुपये) जब्त किये गये हैं, साथ ही पुलिस ने चार धंधेबाजों को गिरफ्तार करने में सफल रही है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के मूर्तिया ठकुराई टोला में जाली नोट की बड़ी खेप पहुंची है। इसके बाद एसएसबी के सहयोग से छापेमारी की गई। इस दौरान मूर्तिया ठकुराई टोला के आश मोहम्मद मियां, घोड़ासहन के जुल्फकार आलम, रामपुर के मो. शमसुद्दीन और दरपा के सेराजुल को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक पहले भी जाली नोट के मामले में जेल की सजा काट चुका है। बरामद जाली नोट 2000 और 500 के हैं।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार धंधेबाजों के बताए गए स्थानों पर छापेमारी की गई, जहां से पुलिस ने दो लाख तेरह हजार के भारतीय जाली नोट बरामद किये। जाली नोट की यह बड़ी खेप दिल्ली से लायी गयी थी। इनमें से आश मोहम्मद पहले भी जाली नोट के मामले में जेल की हवा खा चुका है। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की गई है। इसके आधार पर इस काले धंधे से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही हैै। वहीं चार गिरफ्तार लोगों को बरामद नोट के साथ जिला पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।


