August 18, 2026

शराब पार्टी में दोस्तों ने युवक पर दागीं चार गोलियां, मौके पर मौत; फुलवारी में दहशत

मृत युवक की फाइल फोटो

फुलवारीशरीफ, (अजीत)। फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के करौड़ीचक गांव में आधी रात शराब पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच हुए विवाद में गोलू यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पार्टी में शामिल युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ चार गोलियां दाग दीं। गोलियां लगते ही गोलू ने मौके पर दम तोड़ दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। युवक की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में दहशत का माहौल है। बताया जाता है कि करौड़ीचक गांव में एक धार्मिक स्थल के समीप खाली जगह पर चार-पांच युवक बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर गोलू यादव का साथियों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पार्टी में शामिल एक युवक ने पिस्तौल निकाल ली और गोलू पर लगातार चार गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से वहां अफरातफरी मच गई। गोलू को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गोलीबारी के बाद पार्टी में शामिल सभी युवक मौके से भाग निकले। सूचना मिलने पर फुलवारी शरीफ थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक गोलू यादव प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था और लंबे समय से जमीन की खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़ा हुआ था। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस शराब पार्टी में शामिल युवकों की पहचान करने के साथ हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। परिजनों के अनुसार, गोलू शाम को घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच उसकी हत्या की खबर मिली। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ कर रही है। फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और हत्या में शामिल आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

You may have missed