August 18, 2026

बिहार में आज भी झमाझम बारिश के आसार, 24 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

  • बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर, पटना समेत 14 जिलों में पीली चेतावनी
  • राज्य में अब तक सामान्य से 41 प्रतिशत कम बारिश, 19 और 20 अगस्त को कई जिलों में तेज बारिश के साथ वज्रपात की आशंका

पटना। बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है। राज्य के 24 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी की गई है, जबकि पटना समेत 14 जिलों में येलो अलर्ट दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में बिहार में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश का कारण बन रहा है। इसके प्रभाव से बिहार में भी नमी वाली हवाओं का प्रवाह बढ़ा है। अगले 48 घंटे के दौरान इस मौसमी तंत्र का असर राज्य के कई हिस्सों में दिखाई देगा। विशेष रूप से 19 और 20 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इस दौरान तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। राज्य में इस वर्ष मानसून की बारिश अब तक सामान्य से काफी कम रही है। बिहार में अब तक 387.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य तौर पर 687.7 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी। इस तरह राज्य में बारिश सामान्य से करीब 41 प्रतिशत कम है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से बारिश की गतिविधियां बढ़ने के कारण वर्षा की कमी कुछ हद तक दूर होने की उम्मीद है। सोमवार को राजधानी पटना में तेज बारिश हुई। करीब 40 मिनट की बारिश ने शहर के कई इलाकों की व्यवस्था प्रभावित कर दी। करबिगहिया इलाके में सड़कों पर करीब तीन फीट तक पानी जमा हो गया। जलजमाव के कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।पटना के अलावा गया, जमुई, बेतिया, पूर्णिया, सुपौल, कटिहार, खगड़िया, मधेपुरा और किशनगंज समेत कई जिलों में भी बारिश हुई। बारिश के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। हालांकि खगड़िया के कई गली-मोहल्लों में बारिश का पानी जमा हो गया, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हुई। पूर्णिया में भी सोमवार को तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि कटिहार में मूसलाधार बारिश के दौरान लोग छाता लेकर घरों से निकलते दिखाई दिए। राजधानी पटना में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पटना के लिए पीली चेतावनी जारी की है। लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने और जलजमाव वाले रास्तों से बचने की सलाह दी गई है। 19 अगस्त को आरा, अररिया, औरंगाबाद, भागलपुर, बोधगया, बक्सर, छपरा, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गया, हाजीपुर, कटिहार, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर और नालंदा समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 20 अगस्त को दक्षिण बिहार के जिलों के साथ पटना, नालंदा, गया, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, आरा और बक्सर में तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है। 21 अगस्त को भी राज्य में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। हालांकि 17 से 20 अगस्त की तुलना में 21 अगस्त को भारी बारिश की कोई विशेष चेतावनी नहीं है। फिर भी आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी, सक्रिय मानसूनी तंत्र और कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से बिहार में बादल बन रहे हैं। मानसून की द्रोणिका और नमी वाली हवाओं की अनुकूल स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

You may have missed