NEET पेपर लीक: बेटे को टॉपर बनाने के लिए करोड़ों के कोचिंग मालिक ने चुराया था प्रश्नपत्र, CBI ने किया गिरफ्तार
पुणे/लातूर। NEET-UG पेपर लीक मामले में CBI ने मुख्य मास्टरमाइंड और केमिस्ट्री के प्रोफेसर पी.वी. कुलकर्णी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि करोड़ों के कोचिंग साम्राज्य का मालिक कुलकर्णी खुद को छिपाने के लिए एक मामूली 2BHK फ्लैट में रहता था और उसे कभी किसी ने क्लास लेते नहीं देखा था। कुलकर्णी का बेटा 12वीं में ग्रेस मार्क्स (कृपांक) के सहारे जैसे-तैसे पास हुआ था। उसे फिजिक्स में 9 और केमिस्ट्री में 15 नंबर मिले थे। अपने इसी औसत बेटे को देश के टॉप सरकारी मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने और टॉपर बनाने की सनक में कुलकर्णी ने NTA के गोपनीय तंत्र में सेंध लगाई और परीक्षा से पहले पेपर लीक कर दिया।उसने हाथ से लिखकर इस पेपर को अपने सहयोगियों के जरिए पुणे, लातूर और गुरुग्राम के सेंटरों पर मोटी रकम लेकर चुनिंदा छात्रों को रटवाया था। फिलहाल सीबीआई रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ कर रही है और उसके अवैध ठिकानों पर बुलडोजर भी चलाया गया है।


