अररिया में CM की ‘प्रगति यात्रा’ में VIP टॉयलेट पर फूके ₹4.71 लाख, PHED के पत्र से हुआ बड़ा खुलासा
पटना/अररिया। बिहार जैसे सीमित संसाधनों वाले राज्य में वीआईपी कल्चर (VIP Culture) और सरकारी धन के कथित बेहिसाब इस्तेमाल का एक बड़ा मामला सामने आया है। अररिया जिले में मुख्यमंत्री की ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान मात्र एक दिन के उपयोग के लिए बनाए गए अस्थाई वीआईपी टॉयलेट और यूरिनल पर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) ने ₹4,71,691 (चार लाख इकहत्तर हजार छः सौ इक्यानबे रुपये) की भारी-भरकम राशि खर्च कर दी है। इस वीआईपी कार्य पर हुए खर्च की आधिकारिक स्वीकृति के बाद अब प्रशासनिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अभियंता प्रमुख नित्यानंद प्रसाद ने 2 जून को महालेखाकार (Accountant General) को एक आधिकारिक पत्र भेजा। इस पत्र में वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, अररिया में वीआईपी टॉयलेट निर्माण पर हुई राशि की निकासी और आवंटन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई है। विभागीय दस्तावेज के अनुसार, यह पूरा खर्च 22 जनवरी 2025 को अररिया जिले के रानीगंज प्रखंड में मुख्यमंत्री की ‘प्रगति यात्रा’ के मद्देनजर कराया गया था। मुख्यमंत्री और उनके साथ आने वाले अतिविशिष्ट मेहमानों की सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल पर अस्थाई तौर पर ‘VIP Toilet and Urinal’ का निर्माण कराया गया था, जो कार्यक्रम खत्म होने के बाद हटा दिया गया।


