सुधीर अरोड़ा और अवनीश सिंह चौहान द्वारा सम्पादित पुस्तक का लोकार्पण
पटना। अंग्रेजी के जाने माने साहित्यकार, कवि एवं टीपीएस कॉलेज के अंग्रेजी विभाग के प्राध्यापक प्रो. छोटे लाल खत्री के साहित्यिक अवदान पर सुधीर के अरोड़ा और अवनीश सिंह चौहान द्वारा सम्पादित पुस्तक इंडियन पोएट्री उन इंगलिश-पेट्रीकॉर: ए क्रिटिक आॅफ सीएल खत्रीज पोएट्री का लोकार्पण शुक्रवार को कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. उपेन्द्र प्रसाद सिंह एवं उर्दू विभागाध्यक्ष प्रो. अबू बकर रिजवी, दर्शनशास्त्र के प्रो. श्यामल किशोर, हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो. जावेद अख्तर खां एवं प्रो. शशि भूषण चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर प्रो. छोटे लाल खत्री भी मौजूद थे। प्रकाश बुक डिपो बरैली द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में सीएल खत्री की कविताओं के विभिन्न आयाम पर 22 निबंधों में विस्तार से चर्चा की गई हैं। प्रो. उपेन्द्र प्रसाद ने इस पुस्तक को महाविद्यालय के लिए एक बड़ी उपलब्धि करार देते हुए प्रो. खत्री को बधाई दी। प्रो. रिजवी ने इस अवसर पर कहा कि सीएल खत्री अंग्रेजी में कविताएं जरूर लिखते हैं, मगर इनकी कविताओं में हिन्दुस्तान की रूह बसती है। उनकी कविताओं का अनुवाद देश की कई भाषाओं में हो चुका है। उन्होंने बताया कि उनकी कविताओं के सग्रंह टू मिनट सायलेंस का उर्दू में अनुवाद कर रहा हूं। खत्री आम आदमी की जिन्दगी की बुनयादी समस्याओं का चित्रण अपनी कविताओं में बखूबी करते हैं। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।


