एनडीए-2 की सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद, अपराध रोकने पर ही आगे बढ़ेगा बिहार: आनंद माधव
पटना। बिहार में अपराधियों का तांडव एक बार फिर से देखने को मिला रहा है। सुलतानगंज, भागलपुर में अपराधियों ने सरकारी कार्यालय में घुसकर अधिकारी की गोली मारकर हत्या की। इस घटना की जितनी भी निंदा की जाय वह कम है। सुलतानगंज में कल हुई ख़ूनी वारदात की भर्त्सना करते हुए एआईसीसी सदस्य एवं बिहार कांग्रेस के वरीय नेता आनन्द माधव ने कहा कि यह महाजंगल राज नहीं तो और क्या है? उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए पार्ट 2 की सरकार के समय अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। अपराध सर चढ़ कर बोल रहा है और सम्राट चौधरी की सरकार सिर्फ़ गाल बजा रही है और बुलडोज़र की धमकी दे रही है।इस राज में जनप्रतिनिधियों सहित आला अधिकारीगण भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता किस हालत में रह रहे हैं यह सर्वविदित है।अपराधियों के पहचान एवं उनमें से एक के एनकाउंटर के बाद यह और स्पष्ट हो गया है कि सुलतानगंज नगर परिषद के अध्यक्ष राजकुमार गुड्डू को गोली मारने वाला एवं एग्जीक्यूटिव अफसर कृष्णा भूषण कुमार की हत्या करने वाले शख़्स की राजनीतिक पहुंच भाजपा एवं लोजपा के बड़े-बड़े नेताओं के तक रही है।अपराध मुक्त बिहार का वादा करनेवाली सरकार अपराधियों के सामने नतमस्तक है।सम्राट चौधरी की अपराधियों के प्रति “जीरो टॉलरेंस” नीति के बावजूद, बिहार में अपराध अभी भी एक प्रमुख प्रशासनिक चुनौती बनी हुई है। जब नई सरकार में सम्राट चौधरी गृहमंत्री बने थे तो शुरुआती 10 दिनों में ही हत्या की 45 घटनाएं सामने आई थी। इन अपराधों में कई जघन्य मामले शामिल रहे जिन्होंने पूरे बिहार को झकझोर कर रख दिया है। जैसे दरभंगा में सिर काटकर हत्या, गया में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या, सीवान में युवती का अर्धनग्न शव मिलना, पटना में प्रॉपर्टी विवाद में कारोबारी की दिनदहाड़े गोलीबारी जैसी घटनाओं ने कानून-व्यवस्था की कमजोरी उजागर की। अब तो कमान इन्हीं के हाथों है, फिर भी अपराधिक घटनाएँ रुकने का नाम ही नहीं ले रही हैं। जनता को अपराध मुक्त बिहार चाहिये मुख्यमंत्री जी, आपको जो करना है कीजिये, क्योंकि अपराध रूकने पर ही विकास का पहिया आगे बढ़ेगा।


