होली के दस्तक के साथ बिहार में शराब तस्करों व धंधेबाजों की चांदी, पुलिस भी तैयार
इंडिका कार से 110 बोतल विदेशी शराब बरामद, धंधेबाज कार छोड़कर फरार
फतुहा। होली के दस्तक देने के साथ बिहार में शराब तस्करों व धंधेबाजों की चांदी हो गई है। शराब धंधेबाज गली-मुहल्लों में होली पर्व को लेकर सक्रिय हो गए हैं। ऊंची कीमत पर धंधेबाज देशी-विदेशी व महुआ शराब बेच रहे हैं। वहीं पुलिस इन धंधेबाजों को पकड़ने में ही परेशान है। जैसे-जैसे होली नजदीक आ रही है, वैसे शराब तस्कर व धंधेबाज पुलिस के गिरफ्त में आते जा रहे हैं। पटना के फतुहा अनुमंडल की पुलिस शराब धंधबाजों व शराबियों के खिलाफ लगातार मुहिम चला रही है और इसमें उन्हें सफलता भी मिल रही है।
नदी थाना पुलिस ने कच्ची दरगाह स्थित पीपा पुल पर वाहन चेकिंग के दौरान एक इंडिका कार से 110 बोतल विदेशी शराब बरामद किया है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। हलांकि कार पर सवार धंधेबाज व चालक फरार होने में सफल हो गया। बरामद शराब अलग-अलग ब्रांड का है तथा सभी बोतल 375 एमएल की है। शराब को कार्टून में छिपाकर रखा गया था। यह शराब दियारा क्षेत्र से लाया जा रहा था तथा पटना ले जाना था। नदी थाना प्रभारी सकेंन्द्र कुमार ने बताया कि इस संदर्भ में कार मालिक व चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

शराब वाहक हुआ गिरफ्तार

फतुहा। नदी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक शराब वाहक को गिरफ्तार किया है। शराब वाहक के कमर से एक विदेशी शराब की बोतल भी जब्त की है। युवक दियारा क्षेत्र के सैदाबाद निवासी मुकेश कुमार है, जो आॅर्डर पर ग्राहक तक शराब पहुंचाने का काम कर रहा था। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
टेम्पो पर लदे 300 पाउच देशी महुआ शराब बरामद
फतुहा। बुधवार को नदी थाना पुलिस ने कच्ची दरगाह स्थित पीपा पुल के पास से एक टेम्पो पर लदे 300 पाउच महुआ देशी शराब बरामद किया है। पुलिस ने टेम्पो जब्त कर लिया है। सभी शराब 200 एमएल की पाउच में थे। टेम्पो चालक फरार बताया गया है। यह बरामदगी वाहन चेकिंग के दौरान की गई थी।
बेटे ने शराबी बाप से तंग आकर भेजवाया जेल
फतुहा। बुधवार को नदी थाना पुलिस ने बेटे की शिकायत पर उसके शराबी बाप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शराबी बाप की पहचान जेठुली के मनोज राय के रुप में हुई है। बेटे विक्की कुमार ने लगातार शराबी बाप के प्रताड़ना से तंग आकर पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार शख्स हमेशा शराब के नशे में घर के सदस्यों के साथ मारपीट करता था।

