रामनवमी पर पटना में कड़ी सुरक्षा, प्रमुख मंदिरों और मार्गों पर विशेष निगरानी
- 1500 से अधिक पुलिस बल तैनात, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से संवेदनशील इलाकों पर नजर
- महावीर मंदिर क्षेत्र में वाहनों की एंट्री बंद, वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग व्यवस्था लागू
पटना। रामनवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की है। राजधानी के प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे महावीर मंदिर, डाकबंगला चौराहा, राजवंशी नगर हनुमान मंदिर और पटना सिटी के जला हनुमान मंदिर सहित कई संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी बरती जा रही है। पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पूरे शहर में करीब 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें स्थानीय पुलिस बल के साथ-साथ अन्य जिलों से बुलाए गए जवान भी शामिल हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। प्रशासन ने आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया है। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। यातायात व्यवस्था में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। शाम 5 बजे के बाद झांकियों के आगमन के समय बेली रोड और बोरिंग रोड क्रॉसिंग से आयकर गोलंबर की ओर ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। गांधी मैदान जाने वाले लोगों को बोरिंग रोड चौराहा और राजापुर पुल के रास्ते जाने की सलाह दी गई है। वहीं, रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्रियों को आर ब्लॉक फ्लाईओवर, जीपीओ ऊपरी मार्ग और चिरैयाटाड़ फ्लाईओवर का उपयोग करने को कहा गया है। महावीर मंदिर के आसपास विशेष व्यवस्था लागू की गई है। मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रसाद लेकर आने वाले लोग वीर कुंवर सिंह पार्क के पश्चिमी द्वार से प्रवेश करेंगे और कतारबद्ध होकर जीपीओ गोलंबर होते हुए मंदिर तक पहुंचेंगे। दर्शन के बाद उन्हें डाकबंगला या गोरियाटोली मार्ग से बाहर निकाला जाएगा। इस दौरान आर ब्लॉक से जीपीओ और पटना जंक्शन की ओर किसी भी वाहन का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। पटना जंक्शन गोलंबर से लेकर वीणा सिनेमा रोड तक वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई गई है। गोरियाटोली और करबिगहिया की ओर से आने वाले वाहनों को जमाल रोड से वापस भेजा जाएगा। डाकबंगला चौराहा से पटना जंक्शन के बीच भी वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, वैकल्पिक व्यवस्था के तहत एक्जीबिशन रोड से गोरियाटोली तक वाहनों को जाने की अनुमति होगी, जहां से वे यू-टर्न लेकर वापस लौट सकेंगे। मेट्रो निर्माण कार्य को ध्यान में रखते हुए जुलूसों के लिए भी विशेष मार्ग तय किए गए हैं। जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहा तक जाने वाले जुलूस स्वामीनंदन तिराहा, एसपी वर्मा रोड और न्यू डाकबंगला रोड से होकर गुजरेंगे। पार्किंग व्यवस्था के तहत मिलर हाई स्कूल मैदान, पथ परिवहन निगम परिसर, वीरचंद पटेल पथ का फ्लैंक, मौर्यालोक परिसर और जीपीओ स्थित मल्टी मॉडल हब पार्किंग को चिन्हित किया गया है। दोपहिया वाहनों के लिए बुद्ध स्मृति पार्क में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। स्टेशन गोलंबर और उसके आसपास के क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की पार्किंग पूरी तरह वर्जित रहेगी। प्रशासन ने रेल यात्रियों से विशेष अपील की है कि वे करबिगहिया की ओर स्थित पटना जंक्शन प्रवेश द्वार का अधिक उपयोग करें। साथ ही, बुद्ध मार्ग और अन्य प्रमुख सड़कों पर कुछ स्थानों पर वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा और एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की गई है। पटना प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे निर्धारित नियमों और वैकल्पिक मार्गों का पालन करें, ताकि रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।


