पटना में चैती छठ पर ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी, कई मार्ग बंद और डायवर्ट

  • संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य को लेकर प्रशासन अलर्ट, दोपहर बाद से लागू प्रतिबंध
  • भारी वाहनों पर रोक, श्रद्धालुओं के लिए विशेष पार्किंग और वैकल्पिक मार्ग तय

पटना। चैती छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कई प्रमुख सड़कों पर आम वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है, जबकि कुछ मार्गों को वैकल्पिक रास्तों के रूप में निर्धारित किया गया है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 24 मार्च को दोपहर 2 बजे के बाद से कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। कारगिल चौक से पूरब दीदारगंज तक किसी भी प्रकार के वाहन नहीं चलेंगे। इसके साथ ही अशोक राजपथ के सभी प्रवेश बिंदुओं को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। हालांकि, खजांची रोड से पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर तक छठ व्रतियों के वाहनों को पार्किंग के लिए जाने की अनुमति दी गई है। कारगिल चौक से पश्चिम शाहपुर तक केवल छठ व्रतियों के वाहनों को चलने की अनुमति होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के उद्देश्य से की गई है। 24 मार्च को दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक तथा 25 मार्च को सुबह 3 बजे से 6 बजे तक दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ की ओर, यानी उत्तर से दक्षिण दिशा में वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान सभी वाहनों को रामजीचक मोड़ से नहर रोड होते हुए बेली रोड के रास्ते भेजा जाएगा। गायघाट की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। ऐसे वाहन पुरानी बाईपास या नई बाईपास से होते हुए धनकी मोड़, शीतला माता मंदिर या विस्कोमान गोलंबर के रास्ते गायघाट पहुंच सकेंगे। वहां से उन्हें निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही वाहन खड़ा करना होगा। प्रशासन ने जेपी गंगा पथ के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगा दी है। वहीं कंगन घाट से मरीन ड्राइव की ओर पश्चिम दिशा में वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध रहेगा। भारी वाहनों जैसे बस, ट्रक, हाईवा और जेसीबी के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। जेपी सेतु से पटना की ओर आने वाले वाहनों को गंगा पथ पर नीचे उतरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इन वाहनों को सीधे सेतु के एप्रोच मार्ग से दीघा थाना होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाना होगा। ट्रैफिक पुलिस ने 24 मार्च को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक तथा 25 मार्च को सुबह 2 बजे से 9 बजे तक सोनपुर, छपरा और हाजीपुर जाने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे महात्मा गांधी सेतु का उपयोग करें। दीघा और रामजीचक क्षेत्र में विशेष व्यवस्था की गई है। अशोक राजपथ से जेपी सेतु के नीचे आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को पाटली पथ के उत्तरी छोर के पास यू-टर्न कराकर ऊपर पार्क कराया जाएगा। शुरुआती समय में आने वाले वाहनों को घाट के नजदीक निर्धारित पार्किंग तक जाने की अनुमति दी जाएगी, लेकिन वापसी के समय पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेट की निगरानी में वाहनों को घाट क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। आपातकालीन सेवाओं को इस व्यवस्था से पूरी तरह मुक्त रखा गया है। अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और मरीजों के वाहनों पर कोई प्रतिबंध लागू नहीं होगा। इसके अलावा, पटना में चल रहे निर्माण कार्यों से जुड़े वाहनों के परिचालन पर भी रोक लगाई गई है। 24 मार्च को सुबह 10 बजे से 25 मार्च को दोपहर 12 बजे तक निर्माण कार्य से जुड़े सभी वाहन सड़कों पर नहीं चल सकेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि छठ पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

You may have missed