September 16, 2026

पटना में हाईवा की टक्कर से डायल 112 की गाड़ी क्षतिग्रस्त, तीन पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे

  • भखरी पुल के पास तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से मारी टक्कर, रेलिंग से टकराने के बाद हाईवा में लगी आग
  • दमकल दल ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई, चालक फरार और सहचालक हिरासत में

पटना। जिले के धनरूआ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने आपातकालीन पुलिस सेवा की डायल 112 की गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद हाईवा रेलिंग से टकरा गया और उसमें आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि वाहन कुछ ही समय में धू-धू कर जलने लगा। हालांकि इस दुर्घटना में पुलिस वाहन में मौजूद तीन पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। उन्हें हल्की चोटें आई हैं, जबकि पुलिस की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। यह घटना धनरूआ थाना क्षेत्र के भखरी पुल के पास हुई। जानकारी के अनुसार डायल 112 की पुलिस टीम को एक गांव से छेड़खानी की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हाईवा चालक वाहन को लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन थोड़ी ही दूरी पर वाहन सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गया। रेलिंग से टकराते ही हाईवा में अचानक आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में डायल 112 की गाड़ी में मौजूद सहायक अवर निरीक्षक मोहम्मद असलम कुरैशी, महिला सिपाही मुन्नी कुमारी और वाहन चालक दिलीप कुमार को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद तीनों को प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस वाहन को भी दुर्घटना में काफी नुकसान पहुंचा है। महिला सिपाही मोहिनी कुमारी ने बताया कि वे धनरूआ थाना में तैनात हैं और छेड़खानी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर जा रही थी। उसी दौरान हाईवा ने पीछे से टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद वे काफी घबरा गई थीं और उनके पैर में हल्की चोट आई है। सहायक अवर निरीक्षक मोहम्मद असलम कुरैशी ने बताया कि जैसे ही उनकी टीम भखरी पुल के पास पहुंची, पीछे से तेज गति से आ रहे हाईवा ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पुलिस की गाड़ी सड़क के किनारे जा गिरी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद सहचालक को पकड़ लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन के चालक दिलीप कुमार ने बताया कि अगर हाईवा ने सीधे बीच में टक्कर मारी होती तो वाहन उनके ऊपर चढ़ सकता था और तीनों की जान जा सकती थी। उन्होंने कहा कि यह घटना एक बड़ी दुर्घटना में बदल सकती थी, लेकिन संयोग से सभी सुरक्षित बच गए। पुलिस ने हाईवा के सहचालक पंकज कुमार को हिरासत में लिया है। वह जहानाबाद जिले का निवासी बताया जा रहा है। सहचालक ने पूछताछ में बताया कि घटना के समय वह सो रहा था और टक्कर कैसे हुई, उसे इसकी जानकारी नहीं है। टक्कर के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक हाईवा पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। हादसे के दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा और हल्का जाम लग गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी गई थी, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल और दमकल दल मौके पर पहुंचा। फिलहाल पुलिस हाईवा के मालिक की पहचान करने और फरार चालक को पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।

You may have missed