भोजपुर में गैस सिलेंडर के लिए उमड़ी भीड़, घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी कई उपभोक्ता लौटे खाली हाथ
- ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद पुष्टि संदेश नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी, एजेंसी के बाहर हंगामा
भोजपुर। जिले के पीरो अनुमंडल मुख्यालय में मंगलवार को गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर भारी अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। अजय इंडेन गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता जमा हो गए और देखते ही देखते लंबी-लंबी कतारें लग गईं। गैस सिलेंडर प्राप्त करने की उम्मीद में पहुंचे लोग घंटों तक लाइन में खड़े रहे, लेकिन कई उपभोक्ताओं को आखिरकार बिना सिलेंडर लिए ही वापस लौटना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग करने के बावजूद उनके मोबाइल फोन पर पुष्टि संदेश नहीं आ रहा है। एजेंसी द्वारा सिलेंडर देने के लिए इस संदेश को अनिवार्य बताया जा रहा है, जिसके कारण कई लोगों को गैस नहीं मिल पा रही है। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। गैस उपभोक्ता शशि ने बताया कि उनके घर में गैस सिलेंडर समाप्त हो गया था, इसलिए उन्होंने पहले घरेलू आपूर्ति का इंतजार किया। जब कई दिनों तक गैस नहीं पहुंची तो वे स्वयं एजेंसी पहुंचे, लेकिन वहां भी उन्हें निराशा ही हाथ लगी। उन्होंने बताया कि बुकिंग के लिए निर्धारित मोबाइल नंबर 8454955555 पर कई बार संदेश भेजा गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उनका आरोप है कि एजेंसी कर्मी ने उन्हें यह कहकर टाल दिया कि चार दिन के भीतर बार-बार सिलेंडर उठाव करने पर नंबर नहीं लगेगा। जबकि उपभोक्ता का दावा है कि उनका पिछला सिलेंडर 8 नवंबर 2025 को प्राप्त हुआ था। इब्राहिमपुर निवासी नागा जी ने आरोप लगाया कि एजेंसी में जानबूझकर अव्यवस्था का माहौल बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि इस स्थिति के कारण गैस वितरण में अनियमितता और धांधली की आशंका बढ़ रही है। वहीं बिहिया रोड निवासी पंकज कुमार ने भी बताया कि वे कई घंटे तक एजेंसी परिसर में इंतजार करते रहे, लेकिन अंत में उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। उन्होंने कहा कि कई बार बुकिंग का प्रयास किया गया, लेकिन पुष्टि संदेश नहीं मिलने के कारण सिलेंडर नहीं दिया गया। मजबूरी में उन्हें बाजार से अधिक कीमत पर गैस खरीदनी पड़ रही है। बस पड़ाव निवासी विकास कुमार ने बताया कि पहले गैस वितरक पासबुक और डीएसी संख्या देखकर सिलेंडर दे देते थे। अब नई प्रक्रिया लागू होने के कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि नई व्यवस्था के बारे में लोगों को पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस मामले पर गैस एजेंसी के प्रबंधक जाहीद अंसारी का कहना है कि गैस सिलेंडर का वितरण सरकार के निर्देशों के अनुसार ही किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए गैस वितरण प्रणाली में सख्ती की गई है। अब सिलेंडर केवल डीएसी प्रणाली और वैध बुकिंग संख्या के आधार पर ही दिया जा रहा है, ताकि अनियमितता और गैस के अवैध स्थानांतरण को रोका जा सके। हालांकि उपभोक्ताओं के बीच यह सवाल लगातार उठ रहा है कि जब नियम सभी के लिए समान हैं, तो फिर कुछ लोगों को आसानी से गैस सिलेंडर कैसे मिल रहा है। इसी वजह से पीरो क्षेत्र में गैस वितरण व्यवस्था को लेकर नाराजगी और चर्चा दोनों बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप कर व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके।


