February 24, 2026

भागलपुर में दो गुटों में तलवारबाजी, पांच लोग घायल, तीन की हालत गंभीर

भागलपुर। जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रसीदपुर भिट गांव में मंगलवार को अंधविश्वास ने इतना भयानक रूप ले लिया कि दो पक्ष आमने-सामने आ गए और तलवारें चलने लगीं। इस हिंसक झड़प में एक पक्ष के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस ने भारी बल तैनात कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत एक महिला द्वारा की गई कथित तांत्रिक क्रिया से हुई। पीड़ित पक्ष के विलाश मंडल ने बताया कि गांव के ही पाटीदार परिवार की एक महिला ने उनके दरवाजे के सामने फूल और अरवा चावल फेंक दिया। इस कृत्य को अंधविश्वास से जोड़कर देखा जा रहा था, जिसका विरोध करने पर दोनों परिवारों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के शंकर मंडल, बीरेंद्र और राहुल कुमार ने तलवार निकाल ली और विलाश मंडल, सदानंद मंडल और सुखराज कुमार समेत पांच लोगों पर हमला बोल दिया। तलवारों के इस हमले में सभी लोग लहूलुहान हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नाथनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मायागंज) भेजा। अस्पताल में उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, विलाश मंडल, सदानंद मंडल और सुखराज कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य दो घायलों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, घटनास्थल से दो तलवारें भी बरामद की गई हैं, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। फरार अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी डीएसपी-टू राकेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। डीएसपी राकेश कुमार ने कहा, “प्राथमिक जांच में यह मामला अंधविश्वास से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हमने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है। पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने बताया कि इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण अंचलों में व्याप्त अंधविश्वास की जड़ता को उजागर किया है। फूल और चावल फेंकने जैसी छोटी-सी बात ने कैसे खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, इससे पूरा इलाका सदमे में है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लेने का दावा कर रही है। फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है।

You may have missed