February 17, 2026

नालंदा में दिवंगत नेता के घर पर अपराधियों ने की फायरिंग, चेहरे सीसीटीवी में ‘कैद’

नालंदा। बिहार के नालंदा जिला के हरनौत थाना से करीब आधे किलोमीटर दूर बस्ती गांव में बाइक सवार बदमाशों ने राष्ट्रीय राजपूत महासभा के हरनौत प्रखंड अध्यक्ष रहे दिवंगत गौतम सिंह उर्फ फंटू सिंह के घर पर रविवार को ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। बता दें फंटू सिंह की हत्या भी बाइक सवार तीन अपराधियों ने बीते 10 जनवरी को गोलियों से छलनी कर कर दिया था। जिसके विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने बाजार एवं अस्पताल में जमकर उत्पात मचाया था। हालांकि घटना को अंजाम देकर उजले रंग की अपाची बाइक से हरनौत बाजार की तरफ रेल लाइन क्रॉस कर भाग रहे तीन अपराधियों के चेहरे सीसीटीवी में कैद हो गयी है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार अपराह्न बदमाश बस्ती गांव से पूरब स्थित दयली गांव की तरफ से आए और गोलियां बरसाने लगे। अपराधियों द्वारा तीन चक्र गोली चलाए जाने की बात कही जा रही है। स्व. फंटू सिंह के घर के आगे लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना व भाग रहे अपराधियों के चेहरे रिकार्ड हो गई है। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद कई लोगों ने दावा किया कि ये सभी बदमाश पिछले दो-तीन दिनों से इस गांव के आसपास चक्कर काट रहे थे। बहरहाल इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का आलम देखा जा रहा है।
स्वजनों को संदेह है कि बस्ती पंचायत के मुखिया दैली गांव निवासी शैला देवी के बदमाश पुत्र धीरज कुमार उर्फ लाल जी के उकसावे पर बदमाशों ने फायरिंग की है। धीरज गौतम हत्या मामले में नामजद अभियुक्त है और फरार चल रहा है। इस हत्याकांड में पुलिस उसकी संपत्ति कुर्क किए जाने का इश्तेहार एक माह पहले चिपका चुकी है, लेकिन न तो उसने आत्मसमर्पण किया और न ही गिरफ्तार किया जा सका है। इश्तेहार की मियाद मंगलवार को पूरी हो रही है। दो दिन में यदि धीरज आत्मसमर्पण नहीं किया तो संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई पुलिस करेगी। फंटू हत्याकांड में नामजद अन्य तीन अभियुक्त पहले से ही जेल में बंद है। इधर, गौतम उर्फ फंटू सिंह के स्वजन का दावा है कि कल या परसों थाना पुलिस धीरज कुमार का घर कुर्क करेगी। इसलिए वह उससे पहले धमकाना चाह रहा है।

You may have missed