February 17, 2026

सीएम नीतीश हुए 69 साल के; पीएम मोदी, रामविलास, तेजस्वी ने दी बधाई

PTI4_24_2017_000164A

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को 69 साल के हो गए। उनके जन्मदिन के अवसर पर बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है। नीतीश कुमार को सबसे पहले बधाई देने वालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शामिल रहे। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जमीन से जुड़ा लोकप्रिय नेता बताया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के विकास के लिए काम कर रहे हैं। सामाजिक सशक्तीकरण के लिए उनके कार्य उल्लेखनीय हैं। प्रधानमंत्री ने उनके लंबे व स्वस्थ जीवन के लिए कामना की। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने बधाई संदेश में नीतीश कुमार को अपना अभिभावक बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। तेजस्वी ने अपने ट्वीट में लिखा कि नीतीश कुमार आत्मसम्मान और स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ते हुए स्वस्थ और दीर्घायु रहें। साथ ही बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने व बेरोजगारी हटाने की लड़ाई में सहयोग भी मांगा। वहीं लोजपा नेता व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने अपने बधाई संदेश में नीतीश कुमार को बिहार का ऊर्जावान मुख्यमंत्री बताया। साथ ही कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में बिहार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और आगे भी करता रहेगा।

You may have missed