नीतीश मंत्रिमंडल में लोजपा (रा) कोटे से राजू तिवारी, संजय पासवान तथा संजय सिंह बन सकते हैं मंत्री
पटना। बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नीतीश मंत्रिमंडल में लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास से तीन मंत्री शामिल हो सकते हैं, जिनमें राजू तिवारी, संजय पासवान और संजय सिंह के नाम शामिल हैं। भाजपा से दो डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। नीतीश मंत्रिमंडल में छह विधायक पर एक मंत्री का फॉर्मूला बन रहा है। उस हिसाब से लोजपा (रा) के खाते में तीन मंत्रियों का कोटा तय हो रहा है। बिहार सरकार में मुख्यमंत्री समेत 36 मंत्रियों का कोटा है। इससे पहले नीतीश मंत्रिमंडल में भाजपा के ज्यादा मंत्री थे, लेकिन इस बार लोक जनशक्ति पार्टी (रा) अच्छी संख्या बल के साथ सरकार में है। हालांकि अभी शपथ ग्रहण समारोह में किस पार्टी से कितने मंत्री शपथ लेंगे इसकी अभी जानकारी नहीं आई है। चर्चा है कि शपथ ग्रहण समारोह में लोजपा (रा) से भी किसी को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। दूसरी ओर भाजपा से दो डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं।लोक जनशक्ति पार्टी (रा) के विश्वस्थ सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 19 विधायकों में से तीन मंत्री बन सकते हैं। इसमें पहला नाम राजू तिवारी का है।राजू तिवारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं।इस बार वे गोविंदगंज विधानसभा सीट से जीतकर आए हैं।दूसरा नाम संजय पासवान का है जो पार्टी के प्रधान महासचिव हैं। बखरी विधानसभा सीट से चुनाव में जीत हुई है।वहीं तीसरा नाम महुआ विधानसभा से जीत दर्ज करने वाले संजय सिंह का है।इस बार नीतीश मंत्रिमंडल में नए चेहरे ज्यादा देखने को मिल सकते हैं। क्योंकि दो नए दल चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के भी विधायक चुनाव जीतकर आए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक लोजपा रामविलास को मंत्रिमंडल में तीन तथा जीतनराम मांझी की पार्टी हम को एक तथा उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को एक सीट मिलनी तय है।


