प्रदेश में अगले 48 घंटे तक भयंकर हीटवेव, दोपहर में न निकले घर से बाहर, पटना में स्कूलों की टाइमिंग बदली
पटना। बिहार में पिछले कई दिनों से गर्मी और उमस का कहर जारी है और मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल इससे राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। अगले 48 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव का असर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने 17 जिलों में हीटवेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। दूसरी ओर, सीमावर्ती कुछ जिलों में बारिश की संभावना भी जताई गई है, जिससे आंशिक राहत मिल सकती है। लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लोगों को अभी तपती गर्मी से जूझना होगा।
हीटवेव का असर और तापमान का हाल
प्रदेश में गुरुवार को भीषण गर्मी देखने को मिली। रोहतास सबसे गर्म जिला रहा जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गया, छपरा और पटना में भी तापमान 40 डिग्री के पार रहा। किशनगंज और रक्सौल जैसे इलाकों में हालांकि बारिश हुई, जिससे लोगों को कुछ राहत जरूर मिली। लेकिन अन्य जिलों में गर्मी के तेवर कम नहीं हुए हैं। दक्षिण, पश्चिम और मध्य बिहार के जिलों में अब भी लू जैसी स्थिति बनी हुई है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री अधिक है। इसके साथ ही वातावरण में 50 से 60 प्रतिशत तक की आर्द्रता मौजूद है, जिससे गर्मी और अधिक तीव्र महसूस हो रही है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी की वजह से हवा भारी हो गई है, जिससे मौसम में उमस भी काफी बढ़ गई है।
पटना में स्कूलों की समय-सारणी में बदलाव
पटना में लगातार बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया है। पटना के डीएम के निर्देश पर कक्षा 8वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को सुबह 11 बजे तक ही संचालित करने का आदेश दिया गया है। कोचिंग संस्थानों के लिए भी यही नियम लागू किया गया है, यानी वे सुबह 11 बजे तक ही चल सकेंगे। इसके अलावा शाम 4 बजे के बाद ही दोबारा कोचिंग या अन्य शैक्षणिक गतिविधियों को शुरू करने की अनुमति दी गई है। प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों को भी सुबह 10 बजे तक ही संचालित करने के निर्देश हैं। ये आदेश 16 जून तक प्रभावी रहेंगे।
कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना
हालांकि, बिहार के कुछ जिलों जैसे किशनगंज, अररिया, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में मौसम थोड़ा बदला हुआ नजर आ रहा है। यहां शाम के समय बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। गुरुवार को किशनगंज में सुबह तेज धूप थी लेकिन दोपहर में अचानक बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम ठंडा हुआ और लोगों को राहत मिली। रक्सौल में भी तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई।
मानसून की एंट्री अभी नहीं
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में मानसून के आने में अभी दो से तीन दिन का और समय लग सकता है। 17 जून तक राज्य में मानसून के प्रवेश की संभावना है। फिलहाल प्रदेश में न तो कोई मजबूत मानसूनी सिस्टम एक्टिव है और न ही अगले दो दिनों तक किसी बड़े मौसम परिवर्तन की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि वैश्विक परिस्थियों का विश्लेषण कर दो दिन बाद स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
सावधानी बरतना जरूरी
गर्मी और लू को देखते हुए लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। बाहर निकलने पर हल्के और ढीले कपड़े पहनने, अधिक पानी पीने और धूप से बचने के लिए छाता या टोपी का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। कुल मिलाकर, बिहार के लोगों को अगले कुछ दिन गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना बहुत कम है। प्रशासन और मौसम विभाग दोनों की ओर से सावधानी बरतने और नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। मानसून का इंतजार अब लोगों के लिए और भी जरूरी होता जा रहा है।


