August 19, 2026

तेजस्वी ने सिर्फ अवैध संपत्ति अर्जित करने में दिखायी दिलेरी: प्रभाकर मिश्र

  • गरीबों के पशुओं का चारा खाने वाला कभी नहीं हो सकता गरीबों का हितैषी
  • सोशल मीडिया पर तेजस्वी का नया अवतार काफी हास्यास्पद, गरीबों को ठगना लालू परिवार की फितरत

पटना। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने शनिवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर करारा तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव सोशल लीडर तो नहीं बन पाए, अब सोशल मीडिया के लीडर बनने के लिए हाथ-पैर मार रहे हैं। वे आजकल सोशल मीडिया पर रोज नये अवतार में दिख रहे हैं। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने आज यहां कहा कि सोशल मीडिया पर तेजस्वी यादव का नया अवतार बड़ा ही हास्यास्पद है। नेता प्रतिपक्ष का एक नया नाटकीय वीडियो सोशल मीडिया पर इन दिनों वायरल हो रहा है, जिसमें तेजस्वी यादव अपने को दिलेर और गरीबों के मददगार बता रहे हैं। इस वीडियो की हम पुष्टि नहीं करते, लेकिन यह वीडियो लोगों के बीच हास्य का केंद्र बन गया है। लोग तरह-तरह से इस वीडियो पर चुटकी ले रहे हैं। श्री मिश्र ने कहा कि तेजस्वी यादव ने कम उम्र में अकूत संपत्ति अर्जित करने में बेशक दिलेरी दिखायी है। वह भी बिना किसी रोजी-रोजगार के। बिना रोजी-रोजगार के बेहिसाब अवैध संपत्ति अर्जित करने के बाद वे अब जांच एजेंसियों के दफ्तरों के चक्कर लगाने में दिलेरी दिखा रहे हैं और अब यह भी तय है कि आनेवाले दिनों में वे सजा भुगतने में भी दिलेरी दिखाएंगे। ऐसे दिलेरों की परिणति जेल ही होती है। जहां तक गरीबों की मदद करने की बात है, तो यह पूरा देश जानता है कि लालू परिवार गरीबों को किस तरह से मदद करता है। गरीबों के पशुओं का चारा खा जाना और नौकरी के नाम पर गरीबों की जमीन हड़प लेना इनकी फितरत है। इसी को ये गरीबों की मदद कहते हैं। गरीबों का जो असली मददगार होता है, वह सोशल मीडिया पर झूठा प्रचार-प्रसार नहीं करता। तेजस्वी यादव की यह नौटंकी लोग सिर्फ मनोरंजन के लिए देख रहे हैं, इससे नेता प्रतिपक्ष की राजनीति नहीं चमकनेवाली।

You may have missed