सीवान में अपराधियों ने दुकानदार पर किया तलवार से हमला, एक की मौत, एक की हालत गंभीर
सीवान। बिहार के सीवान जिले में गुरुवार रात दुकान में घुसकर बदमाशों ने तलवार से हमला किया। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका सगा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना महाराजगंज थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान कन्हैया पटवा के बेटे रितेश कुमार के रूप में हुई है। घायल विकास कुमार को पटना रेफर किया गया है। मृतक की मां ने बताया कि ये हमला पुरानी रंजिश में किया गया है। 2022 में भी इसी तरह की तलवारबाजी में एक व्यक्ति की मौत हुई थी। उस समय पुलिस ने चार भाइयों को जेल भेजा था। इनमें से दो बेटे हाल ही में जमानत पर छूटे थे। मृतक की मां ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बुधवार शाम को ही उन्होंने हमले की योजना की सूचना पुलिस को दी थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने बताया कि बीती रात ठीक उसी समय और उसी दिन हमला हुआ, जब 2022 में हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमला बेहद योजनाबद्ध तरीके से किया गया। हाथ काट दिया गया और लगातार तलवार से वार कर रितेश की जान ले ली गई। स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि पुलिस ने पहले की घटनाओं से सबक लिया होता तो ये घटना नहीं होती। पुलिस रंजिश रखने वालों पर निगरानी रखी होती तो यह जानलेवा हमला टाला जा सकता था। महाराजगंज के एसडीपीओ राकेश रंजन ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुरानी रंजिश में पुरानी बाजार की दुकान में तलवार से हमला किया गया। जिसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई और उसका भाई गंभीर रूप से घायल है। मृतक की मां के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।


