भागलपुर-बांका में केंद्र पर गरजे कन्हैया, कहा- केंद्र की मंशा ठीक नहीं….

पटना। बिहार में निकाली गई जन-मन यात्रा के क्रम में जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष व भाकपा नेता कन्हैया कुमार शनिवार को भागलपुर व बांका पहुंचे। उन्होंने यहां सभा को संबोधित करते हुए सीएए को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। भागलपुर के जगदीशपुर और बांका में बाराहाट स्थित भेरा मोड़ मैदान में सभाएं आयोजित की गई।
भागलपुर के पुरैनी में सभा को संबोधित करते हुए कन्हैया ने सीएए और एनआरसी के खिलाफ केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार सीएए और एनआरसी जैसे काले कानून को लागू कर हमें बांटना चाहती है। इसके लिए हम लोगों को एकजुट होकर इसके विरोध में लड़ना होगा। उन्होंने कहा कि आज हमारी पहचान के आधार पर भेदभाव किया जा रहा है, लेकिन हम लोग ऐसा होने नहीं देंगे। बिहार में इस काले कानून को लागू नहीं होने देंगे। बिहार सरकार भी इसके लिए केरल की तरह विधानसभा में प्रस्ताव पास कर विरोध दर्ज कराए। कन्हैया ने आगे कहा कि सीएए और एनआरसी का मसला किसी एक समुदाय का मसला नहीं है। ये हम सभी का मसला है। इस लड़ाई में सभी को एकजुट होना होगा। उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पटना में 29 फरवरी को आयोजित रैली में भाग लेने का आह्वान किया।
बांका में बोल, सबको बराबरी का हक देना होगा
वहीं बांका में आयोजित सभा में कन्हैया ने कहा कि देश को बांटने वाली राजनीति नहीं चलेगी। सबको बराबरी का हक देना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की मंशा ठीक नहीं है। वह जनता को गुमराह कर रही है। बेरोजगारी से ध्यान भटकाया जा रहा है। असली मुद्दे को छोड़कर सरकार एनआरसी और सीएए जैसे मुद्दे ला रही है। उन्होंने कहा कि एनआरसी लागू होने से हिंदुओं को भी नुकसान होगा। कन्हैया ने कहा कि 1947 में मिली आजादी को बचाने के लिए अब लड़ाई लड़नी होगी। इस सरकार में तीन करोड़ सोलह लाख लोगों ने नौकरी गंवाई है। 12 हजार किसान आत्महत्या के शिकार हुए हैं।

You may have missed