पटना समेत 14 शहरों में वज्रपात का येलो अलर्ट, तापमान में रहेगा उतार चढ़ाव, पूर्वानुमान जारी

पटना। बिहार में मौसम का मिजाज इन दिनों लगातार बदलता नजर आ रहा है। राज्य के अधिकतर जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है, जिससे कभी हल्की ठंड तो कभी गर्मी का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिनों के लिए बिहार के विभिन्न हिस्सों में मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर पटना समेत 14 शहरों के लिए 22 फरवरी को येलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को राज्य के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे गर्मी के बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, अगले दो से तीन दिन तक तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन उसके बाद तापमान में निरंतर वृद्धि देखने को मिलेगी। यह गर्मी की शुरुआत मानी जा रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान की बात करें तो बक्सर जिले में सबसे ज्यादा 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फारबिसगंज में तापमान में 2.8 डिग्री, किशनगंज में 2.4 डिग्री, कटिहार में 1 डिग्री, पूर्णिया में 0.8 डिग्री, सहरसा के अगवानपुर में 1 डिग्री, रोहतास के डेहरी में 2.3 डिग्री, पटना में 0.1 डिग्री, पूसा में 1.6 डिग्री, दरभंगा में 1 डिग्री और खगड़िया में 1.4 डिग्री तापमान बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं अन्य जिलों में भी दशमलव के अंतर से तापमान बढ़ा है। बिहार में न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि देखी गई। सहरसा के अगवानपुर में सबसे कम 10.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पटना में न्यूनतम तापमान में 1.9 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार को बांका और भागलपुर जिले में कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका जताई है। इसी तरह 22 फरवरी को पटना समेत 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने और गरज-तड़प के साथ हल्की बारिश के आसार भी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, वज्रपात और आंधी-तूफान के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी गई है। घरों में रहने वाले लोगों को भी बिजली के उपकरणों से बचने और खिड़की-दरवाजे बंद रखने की सलाह दी गई है। फरवरी महीने में इस प्रकार की मौसमी गतिविधियां असामान्य मानी जा रही हैं, लेकिन जलवायु परिवर्तन के कारण इस प्रकार के बदलाव देखने को मिल रहे हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। इस दौरान गर्मी बढ़ने के साथ-साथ कभी-कभी ठंडी हवाएं भी चल सकती हैं। इसलिए लोगों को मौसम के उतार-चढ़ाव को देखते हुए सतर्कता बरतनी चाहिए।
