November 28, 2025

डायल 112 वाहन पर केक काटने मामले में हुई कार्रवाई, सिटी एसपी ने एएसआई को किया सस्पेंड

पटना। पटना में पुलिस की गाड़ी पर केक काट कर जन्मदिन मनाने के मामले में कार्रवाई हुई है। सिटी एसपी मध्य चंद्र प्रकाश के आदेश पर एक एएसआई संजय सिंह को सस्पेंड किया गया है। दरअसल, एसके पुरी थाना क्षेत्र के बोरिंग रोड चौराहा पर डायल 112 की गाड़ी के बोनट पर कुछ युवकों ने केक काटकर जन्मदिन मनाया था। इसका वीडियो कई लोगों ने बना लिया था। किसी ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर डाल दिया। वीडियो काफी तेजी से वायरल होने लगा था। पटना के सिटी एसपी मध्य चंद्र प्रकाश ने इस मामले की जांच का आदेश। जांच रिपोर्ट आने के बाद एसपी ने डायल 112 की गाड़ी में ड्यूटी में तैनात एएसआई को काम में लापरवाही के आरोप में सस्पेंड कर दिया है। वीडियो एक सप्ताह पहले की है। डायल 112 की गाड़ी के बोनट पर केक रखा गया है। कुछ युवक इसे काट रहे हैं। केक कटने के बाद वहां मौजूद सभी लोग ताली बजाते दिख रहे हैं। वहीं, पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने हुए हैं। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी गाड़ी के अंदर भी बैठे हुए दिख रहे हैं। किसी ने युवकों को रोका नहीं। कुछ देर के बाद डायल 112 की एक और गाड़ी वहां पहुंची। लेकिन उसमें भी तैनात पुलिसकर्मियों ने युवकों को मना नहीं किया। सोशल मीडिया पर वीडियो आने के बाद कई यूजर्स कमेंट में बिहार पुलिस का मजाक भी उड़ा रहे थे।  इंस्टाग्राम पर एक यूजर अमन पंडित ने एक स्क्रीन शॉट शेयर किया है। अमन ने लिखा है कि पटना पुलिस का सिस्टम हैंग कर दिया भैया आपने। किसने केक काटा, किसने इंस्टाग्राम पर खबर पोस्ट की। इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है।

You may have missed