औरंगाबाद: युवक ने सरेआम बाजार में युवती को मारा चाकू, फिर जहर खाकर की खुदकुशी
औरंगाबाद। एकतरफा प्यार में पागल युवक ने एक युवती को चाकू मारने के बाद खुद जहर खाकर खुदकुशी कर ली। इस तरह एकतरफा प्यार की कहानी का दुखद अंत हो गया। इस घटना में हालांकि युवती गंभीर रूप से जख्मी हो गई है, जहां उसका इलाज चल रहा है। मामला बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर थानान्तर्गत घटी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के शिवगंज बाजार में बुधवार को सरेआम एक युवती के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। युवक ने युवती के शरीर पर चाकू से कई वार किया। इससे युवती गंभीर रूप से जख्मी होकर तड़पने लगी। इसी बीच भीड़ ने चाकू से हमला करने वाले युवक को पकड़ कर जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद युवक ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि, मदनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुचीं और हमला करनेवाले युवक को हिरासत में लेते हुए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के लिए औरंगाबाद से गया ले जाने के दौरान भीड़ की पिटाई में जख्मी प्रेमी की भी मौत हो गयी।
खबर के मुताबिक, जिले के ढिबरा थाना क्षेत्र के नेयामतपुर निवासी एक युवती से मदनपुर थाना क्षेत्र के एरकी गांव निवासी गोल्डेन अंसारी प्यार करने लगा था। इसी बीच युवती की शादी हो गयी। युवक को जब इसका पता चला, तो वह युवती को जान से मारने के लिए संकल्प ले लिया। इसी बीच युवती अपनी फुफेरी बहन के साथ बाजार करने के लिए शिवगंज बाजार पहुंची। इसकी भनक युवक को लगते ही वह चाकू लेकर बाजार पहुंचा और युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इधर, डॉक्टर की माने तो युवती के पेट में चाकू के घाव हैं। इससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।


