लुटेरों का कहर: एलआईसी कार्यालय में लुटेरों ने लूट लिये 12 लाख रुपये, किया मारपीट
समस्तीपुर। बिहार में लुटेरों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब अपराधियों ने एलआईसी कार्यालय को अपना निशाना बनाकर पुलिसिया सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है। अपराधियों ने घटना को अंजाम समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी स्थित एलआइसी के कार्यालय में दिया। सोमवार को करीब दर्जनभर हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल कर करीब 12 लाख रुपये लूट लिये हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।
प्राप्त खबरों के मुताबिक, जिले के शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र के सिनेमा चौक स्थित एलआईसी कार्यालय में सोमवार को करीब दर्जनभर हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया। हथियार से लैस रहे अपराधियों ने कार्यालय में मौजूद करीब आधा दर्जन कर्मियों और ग्राहकों के साथ मारपीट की और करीब 12 लाख रुपये लूट लिये। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद फरार होते समय अपराधियों ने एलआईसी कार्यालय के गार्ड की रायफल भी छीन ली और अपने साथ लेते गये। अपराधियों द्वारा मारपीट किये जाने से कार्यालय में मौजूद करीब दर्जनभर लोग जख्मी हो गये, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।


