देखें तस्वीरों में : सियासी दही-चूड़ा के बहाने NDA ने दिखायी एकजुटता, कांग्रेस के भोज में विपक्ष का हुआ जुटान तो महागठबंधन को लगा झटका
पटना। बुधवार को राजधानी पटना में मकर संक्रांति पर सियासी दही-चूड़ा का दौर चला। जदयू का भोज सबसे बड़ा रहा। इस भोज के बहाने एनडीए ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया, हालांकि लोजपा इस भोज से दूर रही। वहीं जदयू के भोज में राजद विधायक की उपस्थिति ने विपक्षी खेमे को झटका भी दिया। जबकि कांग्रेस के भोज में विपक्षी खेमे का महाजुटान दिखा। मुख्यमंत्री ने ट्विट कर बिहारवासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं भी दी।

जदयू परिवार की ओर से मकर संक्रांति की असीम शुभकामनाएं..!@NitishKumar @BashisthaNarain @RCP_Singh pic.twitter.com/m3WYsBkG1i
— Janata Dal (United) (@Jduonline) January 15, 2020

जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के हार्डिंग रोड स्थित आवास पर पूर्वाह्न 10 बजे से दही-चूड़ा का दावत शुरू हुआ। उसमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेताओं ने शिरकत किया। भोज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी सहित एनडीए के तमाम बड़े नजर आए। इस भोज में खास बात यह दिखी कि राजद के विधायक फराज फातमी ने भी शिरकत की। उधर, सदाकत आश्रम में भी आयोजित कांग्रेस के भोज में विपक्षी नेताओं का जमघट लगा। दूसरी ओर इस भोज के लिए प्रसिद्ध रहे लालू आवास पर सन्नाटा छाया रहा। जेडीयू, कांग्रेस के आयोजन के साथ-साथ भाजपा के विधान पार्षद रजनीश का भी दही-चूड़ा भोज चर्चा में रहा। हालांकि लोक जनशक्ति पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल की ओर से भोज का आयोजन नहीं किया गया। हालांकि, राजद उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने एक दिन पहले 14 जनवरी को अपने आवास पर दही-चूड़ा भोज दिया, लेकिन इसमें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का नहीं पहुंचना बड़ी बात रही।
जदयू के भोज में मौजूद राजद विधायक फराज फातमी ने इसमें किसी राजनीति से इनकार किया। हालांकि, उन्होंने तेजस्वी यादव की पोल खोल यात्रा पर सवाल भी उठाए। उन्होंने एनआरसी और सीएए पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्टैंड का समर्थन किया तथा कहा कि तेजस्वी यादव को अपनी यात्रा पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने सीएम की जल जीवन हरियाली यात्रा भी समर्थन किया।
कांग्रेस के भोज में महागठबंधन की जुटान
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदनमोहन झा द्वारा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में भोज का आयोजन किया गया। यहां महागठबंधन के नेताओं की जुटान दिखी। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा सुप्रीमो जीतनराम मांझी, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा व विकासशील इनसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी शिरकत किए। हालांकि, यहां भी राजद की तरफ से तेजस्वी यादव का नहीं आना चर्चा में रहा।
बीजेपी के रजनीश के भोज में भी जुटे एनडीए नेता

वहीं बीजेपी विधान पार्षद रजनीश ने अपने बेली रोड स्थित आवास पर दही-चूड़ा भोज दिया। इसमें जेडीयू की तरफ से ललन सिंह व अशोक चौधरी तथा बीजेपी की ओर से मंगल पांडेय व नंद किशोर यादव सहित सहित कई बड़े नेता शामिल हुए।


